कर्मचारियों ने कहा, लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को बिना किसी पूर्व सूचना के नौकरी से निकाला
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-24 स्थित ईएसआईसी अस्पताल में कार्यरत 31 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को अचानक नौकरी से निकाले जाने के बाद कर्मचारियों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों का आरोप है कि 9 अक्तूबर रात करीब 10:30 बजे बिना अचानक नोटिस के माध्यम से नौकरी से निकाल दिया गया और कहा गया कि कल से नहीं आना है। इसके विरोध में सोमवार को कर्मचारियों ने अस्पताल में शांतिपूर्वक धरना दिया और अस्पताल प्रशासन से अपनी मांग रखी, लेकिन कोई हल नहीं निकला।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों में नर्सिंग ऑर्डिनली, कुक, लॉन्ड्री ऑपरेटर समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं, जो बीते कई साल 2017, 2018, 2021 और 2022 से अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे थे। कर्मचारियों का कहना है कि आगामी त्योहार से पहले इस तरह अचानक निकाले जाने से उनके परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। यदि कर्मचारियों को पूर्व सूचना मिली होती तो वह अपनी आजीविका का कुछ प्रबंध कर सकते थे, लेकिन अस्पताल की ओर से अचानक नोटिस जारी हुआ कि उन्हें कल से ड्यूटी पर नहीं आया है।
-
पैसे लेकर नौकरी देने का आरोप -
धरने पर बैठे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि नौकरी देने के नाम पर उनसे भारी रकम वसूली गई थी। कर्मचारियों की मांग है कि या तो उन्हें तत्काल प्रभाव से काम पर वापस लिया जाए या फिर वसूली गई पूरी राशि वापस की जाए।
नौकरी नहीं मिली तो तेज होगा आंदोलन
पीड़ित कर्मचारियों ने बताया कि जब उन्होंने इस बाबत अस्पताल प्रशासन से बात की, तो प्रबंधन ने कहा कि यह नियमों के तहत है और वह इसमें कुछ नहीं कर सकते। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी बहाली नहीं हुई या उनके पैसे वापस नहीं मिले, तो वे मुख्यालय तक जाकर मामले की शिकायत करेंगे और आउटसोर्सिंग व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन तेज करेंगे।
कोट -
नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों के प्रदर्शन के संबंध में अस्पताल के एमएस डॉ. तनवीर करीम से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया।
नोएडा नौकरी से निकल जाने पर ईएसआई अस्पताल के बाहर प्रदर्शन करते कर्मचारी।