भागमल सिंह भाटी की पहली पुण्यतिथि पर होगी प्रतियोगिता, करीब 12 विदेशी पहलवान भी लेंगे हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। भागमल सिंह भाटी की पहली पुण्यतिथि पर ग्रेनो के गिरधरपुर गांव में 25 मई को अंतरराष्ट्रीय स्तरीय ओपन कुश्ती चैंपियनशिप होगी। इसमें 300 से अधिक पहलवान भाग लेंगे, जिसमें करीब 12 विदेशी पहलवान भी हिस्सा लेंगे। जिले से भी 130 से अधिक पहलवान अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए दांवपेंच लगाएंगे।
बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर स्वर्णनगरी स्थित ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में मुख्य आयोजक और कोच रंजीत पहलवान ने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पहलवानों में जोंटी भाटी, कलवा गुर्जर, तुषार भाटी, अजय भाटी आदि शामिल हैं। हामिद इरानी और जलाला पहलवान भी चैंपियनशिप में अपनी ताकत और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे। जिले से करीब 130 पहलवानों में 30 महिला पहलवान भी इस दंगल में भाग लेंगी। बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने के लिए तैयारियां की जा रहीं हैं। उन्होंने बताया कि रविंद्र भाटी, योगी भाटी, जितेंद्र भाटी, वनीश प्रधान, मनीष प्रधान, परीक्षित नागर, अमित भाटी के सहयोग से आयोजन होगा।