नोएडा। कोतवाली फेज-2 स्थित हाई सिक्योरिटी जोन एनएसईजेड में जूलरी बनाने वाली कंपनी से 30 किलो चांदी की चोरी का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस ने इसे दो पार्टनर के बीच आपसी विवाद बताया है। डीसीपी सेंट्रल जोन का कहना है कि इस मामले की अभी जांच चल रही है और अभी इसके बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता है। जानकारी के मुताबिक एनएसईजेड में विकास वर्मा की जूलरी बनाने वाली कंपनी है। विकास फिलहाल दुबई में रहते हैं। आरोप है कि इनकी कंपनी से सोमवार देर रात को 30 किलो चांदी की चोरी हो गई।
हाई सिक्योरिटी जोन वाले इस क्षेत्र से 30 किलोग्राम चोरी की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कंपनी में विकास के साथ एक और पार्टनर अजय हैं जो स्थानीय स्तर पर कंपनी की देखरेख करता रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों पार्टनर के बीच पैसे को लेकर विवाद चल रहा था। इससे नाराज होकर अजय ने कंपनी में रखी 30 किलो चांदी लेकर भाग गया। इसके बाद कंपनी के कर्मचारियों ने इसकी सूचना दुबई स्थित मालिक को दी। पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है और कंपनी की बिल बुक से लेकर सीसीटीवी फुटेज आदि की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि चांदी लेकर भागने वाले अजय और उसके दो साथियों को हिरासत में लिया गया है लेकिन आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की जा रही है।