बिना अनुमति दूसरे राज्य में दबिश देने पर 3 पुलिसकर्मी निलंबित
ग्रेटर नोएडा। वरिष्ठ अफसरों की अनुमति लिए बिना दूसरे राज्य में दबिश देने के मामले में 3 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। डीसीपी की रिपोर्ट पर अपर पुलिस आयुक्त श्रीपर्णा गांगुली ने सूरजपुर कोतवाली में तैनात दो दारोगा और एक सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक 2017 में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में बिल्डर के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। मामले की जांच के दौरान दारोगा सोनू शर्मा, जितेंद्र और सिपाही संत कुमार, अफसरों से रवानगी लेकर गाजियाबाद गए थे। आरोप है कि वहां से सीधे चंडीगढ़ चले गए और दो लोगों को पकड़कर सूरजपुर कोतवाली ले आए। वरिष्ठ अधिकारियों को इस बात की सूचना तक नहीं दी। सूरजपुर कोतवाली पहुंचने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने पूछा कि किसके निर्देश पर चंडीगढ़ में दबिश देने गए थे, तो तीनों पुलिसकर्मी कोई जवाब नहीं दे सके। इसके बाद डीसीपी सेंट्रल नोएडा हरीश चंदर की ओर से तीनों पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट अपर पुलिस आयुक्त को भेजी गई। रिपोर्ट के आधार पर तीनों को निलंबित कर दिया गया। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।