कोतवाली सेक्टर-113 की टीम ने पर्थला के पास पकड़ा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने ऑन डिमांड वाहन चोरी और लूट के तीन आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी की नौ बाइक, कटी हुई बाइक के पार्ट व चार मोबाइल बरामद हुए हैं। आरोपी ऑन डिमांड बाइक की चोरी कर ग्रामीण इलाकों में सप्लाई करते थे। पुलिस उनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
नोएडा जोन की एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि कोतवाली सेक्टर-113 की टीम ने बुधवार को पर्थला के पास से बाइक सवार तीन बदमाशों को दबोचा। जांच में उनकी बाइक चोरी की निकली। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे मॉल, सब्जी मंडी, बाजार आदि में रेकी करते थे और मौका देखकर बाइक का लॉक तोड़कर चोरी कर लेते थे। चोरी की बाइक का इस्तेमाल वे मोबाइल लूट और छिनैती के लिए भी करते थे। वारदात के बाद बाइक के पार्ट को अलग-अलग कर गांवों में बेच देते थे।
तीनों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई केस
आरोपियों की पहचान पहचान करौली राजस्थान निवासी राहुल उर्फ शेरा और सेक्टर-123 निवासी सनी कुमार व वासु कैरवार के रूप में हुई है। ये लोग करीब एक साल से दिल्ली-एनसीआर में वारदात को अंजाम दे रहे थे। पुलिस के अनुसार बरामद, उनके पास से बरामद बाइक अलग-अलग थानों से चोरी की गईं हैं। इनसे संबंधित प्राथमिकी नोएडा और दिल्ली में दर्ज हैं। कटी बाइक से जुड़ी प्राथमिकी दिल्ली में दर्ज है। इसके अलावा तीनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में पांच से ज्यादा केस दर्ज बताए जा रहे हैं।