नोएडा। शहर में रहने वाली एक महिला के बैंक खाते में जालसाजों ने सेंध लगा दी। आरोपियों ने उसके खाते से 3.08 लाख रुपये निकाल लिए। डेबिट कार्ड का क्लोन बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया। खास बात यह है कि रकम चेन्नई के एटीएम से कई बार में निकाली गई। रकम निकासी का मेसेज आने पर महिला को इस बात का पता चला। पीड़िता की तहरीर पर सेक्टर-24 कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-34 में रहने वाली मंजू गुप्ता का सेक्टर-61 स्थित बैंक में खाता है। इसी बैंक के डेबिट कार्ड का वह इस्तेमाल करती हैं। 12 जनवरी को जालसाजों ने उनके एटीएम कार्ड का क्लोन बनाकर 3.08 लाख रुपये निकाल लिए। रकम निकासी का मेसेज आने पर उन्होंने तुरंत अपना कार्ड ब्लॉक कराया और बैंक को जानकारी दी। बैंक से पता चला कि चेन्नई में 6 बार में यह रकम निकाली गई है। इसके बाद उन्होंने साइबर सेल में शिकायत की। साइबर सेल की जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।