-सेक्टरों के साथ गांव के विकास के लिए प्राधिकरण ने आरक्षित की धनराशि
-न्यू नोएडा और मेट्रो के लिए अलग से बजट
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने वित्तीय वर्ष 2026-027 का बजट बढ़ाने के साथ विकास कार्यों के लिए भी धनराशि बढ़ाई है। अगले वर्ष के लिए प्राधिकरण ने 2,849 करोड़ रुपये शहर के विकास के लिए आरक्षित किए हैं। इसके साथ ही प्राधिकरण क्षेत्र में जमीन अधिग्रहण के लिए 300 करोड़ रुपये की मंजूरी बजट में ले ली गई है। ग्रामीण विकास के लिए धनराशि आरक्षित कर दी गई है।
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि बजट में ग्रामीण विकास के लिए 203 करोड़ 35 लाख रुपये की मंजूरी ली गई है। पिछले वर्ष मंजूरी 224 करोड़ रुपये की थी, जिनमें से 71 करोड़ 26 लाख रुपये ही खर्च हुए। वहीं, शहर की मरम्मत व देखरेख के लिए 3423 करोड़ 25 लाख रुपये आरक्षित किए गए हैं। पिछले वर्ष यह धनराशि 1281 करोड़ रुपये थी।
इसके साथ ही प्राधिकरण ने न्यू नोएडा में जमीन अधिग्रहण के लिए 800 करोड़ रुपये खर्च करने का लक्ष्य रखा है। जेवर में बन रहे एयरपोर्ट के लिए इस वित्तीय वर्ष 1600 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। डेडिकेटिड अर्बन ट्रांसपोर्ट फंड के रूप में एनएमआरसी को 500 करोड़ दिए जाएंगे।
जीबीयू समेत अन्य संस्थाओं के लिए 100 करोड़ का बजट
प्राधिकरण गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय समेत अन्य संस्थाओं को भी धनराशि देता है। मौजूदा वित्तीय वर्ष में इसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। इसके तहत नोएडा-ग्रेनो शिक्षा समिति को 20 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। यह शिक्षा समिति बालक-बालिका इंटर कॉलेज चलाती हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन्वेस्ट यूपी व उद्योग बंधु को इस साल अनुदान राशि के रूप में 100 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
2025-26 में कमाई और खर्च दोनों में पिछड़ा प्राधिकरण
वित्तीय वर्ष 2025-26 में विकास के लिए 2,568 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया था। इसमें से प्राधिकरण ने 1,110 करोड़ रुपये ही खर्च किए। वहीं, देखरेख व मरम्मत का बजट पिछले वर्ष 2,229 करोड़ रुपये था, जिसमें से प्राधिकरण ने 1,281 करोड़ 45 लाख रुपये ही खर्च किए। वहीं, प्राप्तियों का लक्ष्य भी बीते वित्तीय वर्ष में पूरा नहीं हो पाया है। बजट में लक्ष्य 9008 करोड़ रुपये का था, जिसके सापेक्ष प्राप्ति 6,589 करोड़ रुपये ही रही।