कोतवाली क्षेत्र के हरबर्टपुर में एक व्यक्ति के बैंक खाते की यूपीआई आईडी बनाकर 2.71 लाख रुपये निकाल लिए। बैंक की पासबुक में एंट्री करवाने पर व्यक्ति को धोखाधड़ी का पता चला। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि शनिवार को हरबर्टपुर के आसनबाग निवासी सदर सिंह ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल किया। उन्होंंने बताया कि 11 दिसंबर 2022 से एक व्यक्ति उनकी यूपीआई आईडी बनाकर रुपये निकाल रहा है। बैंक में पासबुक की एंट्री करवाने पर उनको पता चला कि विभिन्न यूपीआई आईडी पर 2,71,048 रुपये भेजे गए हैं।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि साइबर क्राइम थाने से कोतवाली को सूचना भेजी गई। उन्होंने बताया कि अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संंबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।