नई दिल्ली। राजधानी में पहली बार मयूर विहार फेज-1 स्थित उत्तर गुरुवायुरप्पन मंदिर में धार्मिक महोत्सव करोड़ अर्चना का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 6 अक्तूबर से शुरू हो गया है, जोकि 1 नवंबर तक चलेगा। समापन दो नवम्बर को भव्य लक्ष दीपार्चना के साथ किया जाएगा।
आयोजन भगवान विष्णु के अवतार, भगवान गुरुवायुरप्पन को समर्पित यह अनुष्ठान 27 नक्षत्रों के अनुरूप 27 दिनों तक निरंतर विष्णु सहस्रनाम के जाप के माध्यम से संपन्न होगा। इसमें करोड़ों बार भगवान विष्णु के नामों का उच्चारण किया जाएगा। हर दिन विशेष पूर्ण रजत कलशम पूजा, वैदिक मंत्रोच्चारण और सामूहिक अर्चना की जाएगी। मंदिर परिसर में भक्तों के लिए सुबह और शाम दोनों सत्रों में अनुष्ठान का आयोजन होगा। अंतिम दिन लक्ष दीपार्चना के दौरान हजारों दीपक प्रज्वलित किए जाएंगे। मुख्य अनुष्ठान से पहले प्रसाद सुधि और बिंबा सुधि जैसे शुद्धिकरण कर्मकांड भी संपन्न होंगे। मंदिर प्रबंधन समिति ने कहा कि करोड़ अर्चना केवल एक धार्मिक क्रिया नहीं, बल्कि सामूहिक भक्ति और आत्मिक एकता का प्रतीक है। संवाद