‘रेखा का धोखा’ अभियान चलाएगी कांग्रेस, डमी चेक भी प्रदर्शित किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
प्रदेश कांग्रेस ने रेखा गुप्ता सरकार पर चुनावी वादों से मुकरने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में ‘रेखा का धोखा’ अभियान के तहत भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया। प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि नौ माह बीत चुके हैं और दिल्ली की महिलाएं आज भी 2500 रुपये का वादा पूरा होने का इंतजार कर रही हैं।
इस मौके पर रेखा गुप्ता की तस्वीर वाला 2500 रुपये का डमी चेक भी प्रदर्शित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बताया कि यही चेक और उससे जुड़े पंफ्लेट कांग्रेस कार्यकर्ता सभी विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर पहुंचाएंगे ताकि महिलाओं को भाजपा सरकार के अधूरे वादों की याद दिलाई जा सके।
देवेंद्र यादव ने आप को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि भाजपा उसी रास्ते पर चल रही है जिस पर आम आदमी पार्टी 11 वर्ष तक चली थी। जैसे आप ने महिलाओं को 2100 रुपये देने का वादा पूरा नहीं किया, वैसे ही भाजपा ने भी 2500 रुपये का वादा कर धोखा दिया। दोनों दल 12 वर्षों से दिल्ली की महिलाओं को सिर्फ छल रहे हैं। रेखा का धोखा अभियान के तहत शालीमार बाग से शुरुआत की जाएगी क्योंकि यह रेखा गुप्ता का क्षेत्र है जहां महिलाएं आज भी चेक का इंतजार कर रही हैं। इधर, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन ने कहा कि भाजपा ने चुनावी वादों से मुंह मोड़ा है। दिल्ली की महिलाएं 2500 रुपये और पंजाब की महिलाएं 1000 रुपये का इंतजार कर रही हैं। भाजपा और आप ने जनता को सिर्फ वोट बैंक समझा है।