तीनों सड़कों पर ऑटो का जमवाड़ा, पुलिस-प्राधिकरण की अनदेखी से बढ़ रहा जाम
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। पुलिस और प्राधिकरण की लापरवाही के कारण सूरजपुर टी-प्वाइंट ऑटो का अवैध स्टैंड बन गया है। तीनों दिशाओं से आने वाली सड़कों पर हर समय ऑटो खड़े रहते हैं, जिससे जाम लगा रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में सार्वजनिक यातायात व्यवस्था विकसित नहीं हो सकी है, इसी कारण ऑटो की संख्या लगातार बढ़ रही है और उन पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं होती।
परी चौक के बाद सूरजपुर टी-प्वाइंट ग्रेटर नोएडा का मुख्य प्रवेश द्वार है। नोएडा और ग्रेनो वेस्ट की तरफ से बड़ी संख्या में लोग यहां से गुजरते हैं, लेकिन कुलेसरा की ओर से आने वाली सड़क, सूरजपुर की ओर जाने वाले मार्ग और ग्रेनो-कुलेसरा रोड तीनों पर ऑटो खड़े मिलते हैं। कई बार ऑटो चालक सड़क और किनारे की जमीन पर वाहन लगा देते हैं, जिससे यातायात रुक जाता है।
लोगों का आरोप है कि टी-प्वाइंट पर यातायात पुलिस की तैनाती के बावजूद ऑटो चालकों पर कार्रवाई नहीं होती। अवैध स्टैंड भी नहीं हटाया जा रहा। लापरवाही से ऑटो चलाने के कारण कई बार वाहनों की टक्कर की घटनाएं भी हो चुकी हैं। स्थानीय निवासियों ने प्राधिकरण और पुलिस से मांग की है कि सड़कों से ऑटो हटाकर यहां की यातायात व्यवस्था सुधारी जाए।