ट्रक से 25 टन सुपारी गायब, चालक-परिचालक लापता
तावडू। शहर में एक ट्रक से 25 टन सुपारी लूटने का मामला सामने आया है। वहीं, ट्रक के चालक और परिचालक लापता हैं। तावडू पुलिस ने ट्रक मालिक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि ट्रक को बरामद कर लिया गया है। ट्रक कर्नाटक के सिरसी से सुपारी भरकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ था।
पलवल के पचानका निवासी ट्रक मालिक बसरुद्दीन ने बताया कि 16 दिसंबर को उनका ट्रक कर्नाटक के सिरसी से सुपारी भरकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। तावडू में 22 दिसंबर को करीब चार बजे बिलासपुर सड़क की तरफ से धारीवाल ढाबा के नजदीक गांव फतेहपुर पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, रात करीब 9:45 पर ट्रक तावडू की तरफ वापस आ रहा था। उसी रात ट्रक चालक शमशाद निवासी बड़का पुन्हाना ने अपने रिश्तेदार को सूचना दी कि उनके पीछे कुछ लुटेरे लगे हैं और उनकी जान को खतरा है। इसके बाद चालक और परिचालक साबिर निवासी मिलकपुर का कोई सुराग नहीं लगा। मालिक ने बताया कि गाड़ी में लगे जीपीएस के मुताबिक, आखिरी लोकेशन गांव जोरासी के आसपास मिली थी। ट्रक में 25 टन सुपारी भरी हुई है। इसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। तावडू सदर थाना प्रभारी हेमेंद्र मीणा का कहना है कि गांव सबरस से ट्रक को बरामद कर लिया गया है। ट्रक से सुपारी भी गायब है। वहीं, चालक और परिचालक का कोई सुराग नहीं लगा है।