नोएडा। अंतरराष्ट्रीय कंटेनर डिपो तिलपता के पास चिन्हति अयोटा सेक्टर की पेरिफेरल रोड ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण बनवा रहा है। मौके पर तकरीबन 25 प्रतिशत काम भी पूरा हो गया है।
थोक कारोबार और क्षेत्रीय संस्थान के लिए प्राधिकरण ने 125 हेक्टेयर जमीन आरक्षित कर रखी है। अब तक किसी को आवंटित नहीं की गई है। यह सेक्टर अयोटा के नाम से जाना जाता है। भूखंड आवंटन से पहले प्राधिकरण ने यहां सड़क व कनेक्टिविटी पर काम शुरू किया है। यो सेक्टर के चारों तरफ मकौड़ा अंडरपास से पेरिफेरल सड़क का निर्माण शुरू कर दिया गया है। प्राधिकरण अधिकारी के मुताबिक 5100 मीटर लंबी इस सड़क का निर्माण पूरा करने लक्ष्य डेढ़ साल रखा गया है। इसकी चौड़ाई दो तरह की होगी। लगभग 1470 मीटर में 43 मीटर और 3490 मीटर में 60 मीटर चौड़ी होगी। मकौड़ा गांव के पास स्थित अंडरपास से शुरू होने वाली यह पेरिफेरल सड़क यहां पहले से बनी 60 मीटर चौड़ी सड़क से जुड़ेगी। इसके जरिए माल वाहक वाहन ग्रेटर नोएडा व ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर सड़क पर बिना किसी अवरोध के आसानी से पहुंच जाएंगे। इससे अयोटा सेक्टर को बेहतर कनेक्टिविटी मिल जाएगी। ब्यूरो