25 बीएस-3 वाहन किए गए वापस, 12 वाहनों के चालान, एक जब्त
नोएडा। इन दिनों परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस सीएक्यूएम के निर्देश पर मिलकर बीएस 3 व उससे कम श्रेणी के वाणिज्यिक वाहनों को दिल्ली प्रवेश करने पर सख्ती बरत रहा है। वहीं पहले दिन नोएडा से दिल्ली में प्रवेश के लिए पहुंचे करीब 25 वाहनों को वापस किया गया। एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडे ने कहा, इस बीच परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम और यातायात पुलिस ने चिल्ला बॉर्डर, कालिंदीकुंज और डीएनडी पर जांच अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि इनके अलावा जो वाहन पकड़े गए, उनमें गाड़ी की प्रदूषण जांच न होना, परमिट और रोड टैक्स जमा नहीं होने समेत कमियां पाई गईं। 12 से अधिक वाहनों के चालान किए गए और एक गाड़ी को जब्त किया गया।
एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया, प्रदूषण जांच न होने से प्रत्येक वाहन का दस हजार रुपये का चालान किया गया। इनमें से कुछ वाहन ऐसे थे, जिनकी प्रदूषण जांच की अवधि कुछ दिन पहले ही खत्म हुई थी। हालांकि प्रदूषण फैलाने वाले और बिना प्रदूषण जांच चलने वाले वाहनों पर लगातार सख्ती की जा रही है। ब्यूरो