सीएम ने कहा- डूसिब की हर एक कॉलोनी में मिलेंगी पर्याप्त सुविधाएं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
सावदा घेवरा की डूसिब कॉलोनी में 2,416 तैयार फ्लैटों की 15 जनवरी तक मरम्मत कर झुग्गीवासियों को सौंप दिया जाएगा। डूसिब की बोर्ड बैठक में सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को तेजी से मरम्मत का काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि फ्लैट देने से पहले पानी, बिजली, साफ सफाई और अन्य सुविधाएं पूरी होनी चाहिए।
गरीब कल्याण और झुग्गीवासियों को मकान देने के विषय पर शुक्रवार को दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) की 34वीं बैठक हुई जिसमें कई अहम फैसले लिए गए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि गरीबों के विकास के लिए सरकार बजट में कोई कमी नहीं आने देगी। सभी डूसिब कॉलोनियों में अच्छी सुविधाएं होनी चाहिए। रोजमर्रा की दुकानें, सब्जी मार्केट, कम्युनिटी हॉल, आरोग्य मंदिर, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, पार्क, सड़कें, सीवर लाइन, स्ट्रीटलाइट और बेहतर जल व्यवस्था होनी चाहिए। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि काम की रफ्तार तेज रखी जाए और गुणवत्ता में कोई समझौता न किया जाए। बैठक में डूसिब की 124 जगहों पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी भी मिली। ये झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों के लिए खास कदम है। बैठक में सुल्तानपुरी, द्वारका और भलस्वा के फ्लैटों की मरम्मत और नवीनीकरण परियोजनाओं को भी हरी झंडी दी गई। जहां गरीब परिवार और रिक्शा चालक रहेंगे वहां ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन और पर्याप्त पार्किंग मिलेगी। सभी परियोजनाओं के ले-आउट प्लान अगली बैठक में पेश करने को कहा गया है। शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने निर्देश दिया कि डूसिब फ्लैटों में रहने वालों की सुविधाओं के लिए परिसर के अंदर ही दुकानें और अन्य जरूरी सेवाएं होनी चाहिए।