नूंह। जिले में मंगलवार को कोरोना के 24 नए मामले सामने आए। वहीं 9 मरीज ठीक भी हुए। तावडू शहर के वार्ड नंबर चार निवासी एक बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया, जिन्हें एक सितंबर को नलहड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। पिछले कई दिनों से उनका इलाज चर रहा था। जिले में कुल 14 लोगों की मौत हो चुकी है।
सूड़ाका में एक, टपकन में एक, उजीना में 4, जयसिहंपुर में एक, सिहरी में एक, बूबलहेडी में एक, तावडू में आठ, कंकर खेड़ी में एक, सुनारी में एक, नूंह में एक, बजहेड़ा में एक, पुन्हाना में दो और खोरी कलां में केस मिले हैं। सोमवार को भी 12 मामले सामने आए थे। लगातार केस बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग दिन-रात जांच में जुटा है। हर दिन जांच का दायरा बढ़ रहा है। सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि विभाग की टीम गांवों और शहरों में जांच कर रही है। कोरोना मरीजों के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की जांच तेजी से की जा रही है।
जिले में कोरोना के कुल 142 मरीज हैं। कुल 877 मामले सामने आए हैं। इनमें से 720 ठीक हो चुके हैं। 26954 लोगों को निगरानी पर रखा जा चुका है। इनमें से 26474 लोगों का निगरानी समय पूरा हो चुका है। 480 लोगों की निगरानी जारी है। कुल 34943 लोगों के सैंपल लैब में भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 33610 की निगेटिव रिपोर्ट आई है। वहीं 298 की रिपोर्ट आनी बाकी है।