लखनऊ। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से शहर में रविवार को सीडीएस और एनडीए के अभ्यर्थियों की परीक्षा का आयोजन हुआ। प्रशासन की सघन निगरानी में 21 परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। प्रशासन ने बताया कि एनडीए की परीक्षा में 21 फीसदी और सीडीएस की परीक्षा में 34 फीसदी अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र में गणित और सामान्य अध्ययन के सवालों ने थोड़ा परेशान किया। जीएस के कई सवाल घुमावदार थे, जिन्हें हल करने में उन्हें काफी समय लगा। अंग्रेजी के सवालों का स्तर सामान्य रहा। पहली बार एनडीए की परीक्षा देने वाले अभिषेक सिंह ने बताया कि गणित के सवाल कठिन थे। इन्हें हल करने में समय लला। इस वजह से कई प्रश्न छोड़ने पड़े।
दूसरी बार परीक्षा दे रहे विवेक मिश्रा ने बताया कि गणित और सामान्य अध्ययन के प्रश्न कठिन थे। सीडीएस की परीक्षा देने वाले अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि गणित और जीएस के प्रश्न उलझाने वाले थे। विकल्प में दिए सवालों के मिलते जुलते जवाब होने से हल करने में समय लगा। दोनों परीक्षा देने वाले अधिकांश अभ्यर्थियों को गणित और सामान्य अध्ययन के सवाल हल करने में परेशान हुई। जिला प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक एनडीए में 41428 अभ्यर्थियों में से 32013 ने परीक्षा दी। जबकि 9415 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह सीडीएस परीक्षा में 22682 अभ्यर्थियों में से 14857 उपस्थित और 7825 अनुपस्थित रहे।