- मोटा मुनाफा का दिया था झांसा, केस दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर जालसाजों ने सेक्टर-62 के गेल अपार्टमेंट निवासी एक युवक से शेयर बाजार में निवेश पर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 2.28 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत के आधार पर कोतवाली सेक्टर-58 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-62 निवासी चिरंजीव टिक्कू ने शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल पर 14 जुलाई को शेयर बाजार में निवेश से जुड़ा एक लिंक आया जिससे वह जालसाजों के संपर्क में आए। जालसाजों ने टिक्कू को शेयर बाजार में निवेश करने पर दो से तीन गुना तक मुनाफा कमाने का झांसा दिया। इसके बाद कई बार में टिक्कू ने 2.28 लाख रुपये निवेश कर दिए। जब पीड़ित ने रकम निकालने का प्रयास किया तब जालसाजों ने संपर्क तोड़ दिया। एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। खातों की जांच की जा रही है।