कंपनी से मोबाइल चुराने वाले दो सफाईकर्मी गिरफ्तार
नोएडा। कंपनी में साफ सफाई करने के दौरान मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को कोतवाली फेज टू पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की टीम ने मंगलवार को दोनों को सेक्टर 81 मेट्रो स्टेशन के पास से पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपी कंपनी में हाउस कीपिंग का काम करते थे।
कोतवाली फेज टू के प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी ने बताया कि एक कंपनी की तरफ से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उनके यहां से करीब 200 मोबाइल चोरी हो चुके हैं। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हाउसकीपिंग का काम करने वाले आरोपियों ने चोरी की है। आरोपी मोबाइल चुराने के बाद उसे कचरे के साथ कंपनी से बाहर फेंक देते थे। इसके बाद चोरी के मोबाइल को राहगीरों को मजबूरी बताकर बेच दिया जाता था। इसके बाद अलीगढ़ निवासी अजय कुमार और मैनपुरी निवासी ध्रुव सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। 21 वर्षीय अजय कुमार दसवीं और 25 वर्षीय ध्रुव 12वीं तक की पढ़ाई की है। पूछताछ में पता चला कि कंपनी के बाहर इनका एक साथी अवनीश मौजूद रहता था। कचरे के साथ जब मोबाइल फेंकी जाती थी तो अवनीश उसे उठा लेता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 51 हजार पांच सौ रुपये भी बरामद किए हैं।