मामूली विवाद में चार सगे भाइयों ने दुकानदार को पीटा, कुत्ते से कटवाया
गुरुग्राम। गांव खांडसा में मामूली विवाद में चार युवकों ने दुकानदार को पीट दिया। इतना ही नहीं, युवकों ने दुकानदार को कुत्ते से भी कटवाया। घटना एक मार्च की है। मगर इस बाबत सेक्टर-37 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर बुधवार को मामला दर्ज किया है। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। चारों आरोपी सगे भाई हैं और फिलहाल फरार हैं।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि चारों भाइयों का दुकानदार के साथ पहले से कोई विवाद था। एक मार्च को जब घटना हुई उस वक्त आरोपी शराब के नशे में थे। फिलहाल झगड़े के कारणों का पता नहीं लग पाया है। पुलिस के मुताबिक गांव खांडसा निवासी गौतम राघव की गांव में परचून की दुकान है। एक मार्च की रात को मोलाद और बुलेट दोनों भाई गौतम की दुकान पर गए। यहां किसी बात पर उनका दुकानदार से विवाद हो गया। इसी बीच उन्होंने फोन कर अपने भाइयों मुकेश और डामरी को भी बुला लिया। दोनों अपने बुल्ली प्रजाति के कुत्ते ‘बॉस’को लेकर मौके पर पहुंच गए। पहले उन्होंने गौतम को पीटा और उसके बाद उसे अपने कुत्ते से कटवाया। जब मौके पर लोग एकत्र होने लगे तो वे फरार हो गए। इस घटना में दुकानदार घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
------