फोटो
विपरीत दिशा से आ रहे वाहन, हो सकता है हादसा
भंगेल से एक्सप्रेसवे जाने वाले मार्ग पर कट बंद करने और यू टर्न बनाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। भंगेल से एक्सप्रेसवे जाने वाले मार्ग पर यातायात सुगम बनाने को लेकर सेक्टर-82 चौराहा बंद कर दिया गया था। जबकि पास के कट को नहीं बंद किया गया। जिसकी वजह से पुलिस चौकी के सामने से विपरीत दिशा में वाहनों का आवागमन रहता है। इसकी वजह से दुर्घटना की संभावना काफी बढ़ गई है। ऐेसे में लोगों ने भंगेल से एक्सप्रेसवे जाने वाले मुख्य मार्ग पर कट बंद कर दो यू टर्न बनाने की मांग की है।
उद्योग विहार अध्यक्ष योगेश शर्मा का कहना है कि चौराहा बंद होने के बहाने स्वर्णिम विहार डुप्लेक्स की आरडब्लूए गेट नंबर-1 से उद्योग विहार (एलआईजी) व मधुबन अपार्टमेंट (एमआईजी) जाने वाले पेरिफेरल रोड के यातायात को जबरदस्ती व गैरकानूनी ढंग से विपरीत दिशा में कराने का प्रयास हो रहा है। लगभग 6000 निवासियों के साथ कोई भी घटना घट सकती है। निवासियों का कहना है कि पिछले 15 सालों से लगातार गेट बंद करने की धमकी, स्कूल बसों को रोकने, निवासियों के आनेजाने पर रोक, पार्कों में खेलने पर बच्चों को डांटने का काम किया जा रहा है। वर्तमान में स्वर्णिम विहार डुप्लेक्स द्वारा यातायात को विपरीत दिशा में चलाने का प्रयास किया जा रहा है जो कि न तो यातायात के नियमों से और न ही सुरक्षा की दृष्टि से उचित व तर्कसंगत है। उद्योग विहार व मधुबन अपार्टमेंट के निवासियों में भारी रोष है।
स्काई वॉक बनाने की मांग
उद्योग विहार के लोग पिछले कई महीनों से प्राधिकरण से स्काई वॉक बनवाने की मांग कर रहे हैं। आरडब्ल्यूए का कहना है कि सेक्टर-83 में मेट्रो स्टेशन बनाया गया है। सोसायटी के लोगों को इसका फायदा नहीं मिल पाएगा। स्टेशन तक पहुंचने के लिए लोगों को काफी घूम कर जाना पड़ेगा। ऐसे में स्काई वॉक का निर्माण जरूरी है।