नोएडा। सेक्टर-100 स्थित सेंचुरी अपार्टमेंट में रविवार को वार्षिक आमसभा हुई। इस दौरान ऑडिट बैलेंस सीट, पुराने विकास कार्यों, नये विकास कार्यों के अलावा सुझाव रखे गए। जिसका सभी ने स्वागत किया और सहयोग का आश्वासन दिया। अध्यक्ष पवन यादव ने बताया कि सोसायटी के सभी बुजुर्गों का डाटा तैयार करने की बात रखी गई है। उनका हेल्थ रिकॉर्ड रखा जाएगा। साथ ही बैठने के लिए एक हॉल का निर्माण भी होगा। पदाधिकारी सप्ताह में कम से कम एक बार उनका हालचाल लेने घर जाएंगे। जरूरत पड़ने पर उनकी आर्थिक मदद की जाएगी। गार्ड व अन्य कर्मचारियों का प्रधानमंत्री बीमा योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा किया जाएगा। कूड़े का निस्तारण सोसायटी में ही किया जाएगा। पानी की बर्बादी रोकने के लिए घर-घर जाकर जागरूक करने के साथ नाली को साफ व जल रहित रखा जाएगा। ताकि स्वच्छता के साथ बीमारी का बचाव हो सके।
जर्जर बिजली के पोल से हादसे का खतरा
सेक्टर-46 में बिजली के पोल की हालत जर्जर हो चुकी है। सेक्टर के अंदर लगे सभी पोल की यही हालत है। ये कभी भी गिर सकते हैं। बड़ा हादसा हो सकता है। अध्यक्ष टीसी गौड़ ने बताया कि सभी पोल नीच से गल चुके हैं। गनीमत है ये पोल पेड़ों के सहारे खड़े हैं। अगर तेज हवा चलती है तो पोल गिर भी सकते हैं। कई बार शिकायत की गई है। लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। ब्यूरो
हमले के विरोध में प्रदर्शन
सेक्टर-56 के लोगों ने रविवार को मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। निवासी नंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि 2 अक्तूबर को सेक्टर में केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा आए थे। वह अपनी समस्याएं रख रहे थे। इस दौरान कुछ लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। नंदन का आरोप है कि मंत्री के जाने के बाद आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संजय मावी की पत्नी ने उन पर हमला कर दिया। इंसाफ के लिए वह सड़क पर उतरे हैं। उधर, संजय मावी का कहना है कि उनके ऊपर लगाए आरोप गलत हैं। नंदन के टीम के लोग उनकी टीम के लोगों की पिटाई कर रहे हैं। इसको लेकर संजय मावी ने एक प्रेस वार्ता भी की। ब्यूरो