मोबाइल यूनिट से 35 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
नोएडा। सेक्टर-81 में शुरू होने जा रहे सैमसंग की नई यूनिट से 35 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। यही नहीं इस प्लांट से 2200 लोग अधिकारी के स्तर पर जुड़ेंगे। प्लॉट आवंटन के समय यह अनुमान लगाया गया था। इसके लिए सैमसंग की ओर से 4915 करोड़ का निवेश किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, 9 जुलाई को शुरू होने जा रही यह यूनिट सैमसंग की दूसरी यूनिट होगी। इससे पहले सेक्टर-81 के बी-1, बी-1ए और बी-1बी में एक यूनिट पहले से ही चल रही है। तीनों प्लॉट को मिलाकर एक यूनिट बना दिया गया है जिसका क्षेत्रफल 1,35,000 वर्गमीटर में है। इसमें सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के फ्रिज सहित कई उत्पाद बनते हैं। वहीं, नई यूनिट सेक्टर-81 के बी-1सी में बनाया गया है और यह पहले यूनिट का विस्तार है। इसका क्षेत्रफल 1,29,000 वर्गमीटर में है, जो 1100 मीटर लंबा और 240 मीटर चौड़ा है। आधे के बाद इसकी चौड़ाई 200 मीटर होगी। यह यूनिट यूपी सरकार की उस योजना का विस्तार है, जिसमें 1000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाली परियोजनाओं को सुपर मेगा प्रोजेक्ट के तहत निवेश के लिए आमंत्रित किया गया था। बताया जा रहा है कि नई यूनिट में सबसे पहले मोबाइल प्लांट का काम शुरू होगा। भविष्य में यहां सैमसंग के दूसरे अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों को बनाया जाएगा।