चंडीगढ़। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 1 दिसंबर को होने वाला वैश्विक गीता पाठ होगा। इसमें 21 हजार विद्यार्थी एक साथ गीता के श्लोकों का उच्चारण करेंगे। देश-विदेश के हजारों विद्यार्थी और नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी इस आयोजन से जुड़ेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 48 कोस के तीर्थों का सम्मेलन, सन्निहित सरोवर पर दीपोत्सव और ब्रह्मसरोवर पर महाआरती के साथ महोत्सव का समापन होगा। प्रवक्ता के अनुसार, कार्यक्रम 1 दिसंबर की सुबह 10 बजे आयोजित होगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के श्रीमद्भगवद्गीता सदन में 48 कोस के तीर्थों के प्रतिनिधियों का सम्मेलन होगा। शाम 5 बजे सन्निहित सरोवर पर दीपोत्सव और 5.30 बजे ब्रह्मसरोवर पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा। महाआरती के साथ अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का औपचारिक समापन होगा। ब्यूरो