अखिल भारतीय गीता महासम्मेलन का शुभारंभ
गुरुग्राम। गुरुग्राम स्थित ब्रह्माकुमारीज के ओम शांति रिट्रीट सेंटर में सोमवार को अखिल भारतीय गीता महासम्मेलन शुरू हुआ। महासम्मेलन में देश के विख्यात साधु संतों ने विचार व्यक्त किए। इस दौरान उन्होंने गीता के महत्व से लोगों को अवगत कराया।
इस मौके पर श्रीकृष्णा आश्रम हरिद्वार से पधारे स्वामी हरि ओम गिरी महाराज ने कहा कि गीता हमें सत्य स्वरूप का बोध कराती है और गीता हमें जीवन जीने की कला सिखाती है। गीता में वर्णित युद्ध वास्तव में मानव के अंदर चलने वाले द्वंद्व का प्रतीक है। वहीं सिद्धपीठ मंगला काली मंदिर हरिद्वार के स्वामी विवेकानंद ने कहा कि गीता का उद्देश्य हमें आध्यात्म के शिखर पर ले जाना है यह एक आध्यात्मिक ग्रंथ है। आज के भौतिक जगत में मानव उसे ही सत्य मानता है। ऋषिकेश से पधारे स्वामी ईश्वरदास महाराज ने भी गीता के महत्व से अवगत कराया।