पीएनसीए नोएडा ने 104 रनों से जीत दर्ज की
नोएडा। सेक्टर-127 स्थित एनएस क्रिकेट ग्राउंड में ग्रेड्स अंडर-15 कप के तहत सुमित डोगरा क्रिकेट एकेडमी (एसडीसीए) दिल्ली और पीएनसीए नोएडा के बीच मैच खेला गया। इसमें पीएनसीए ने एसडीसीए को 104 रनों से करारी शिकस्त दी। पीएनसीए के मुख्य क्रिकेट कोच प्रवीण नागर ने बताया कि मैच में पीएनसीए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम ने 35 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाए। पीएनसीए की तरफ से प्रियांशु शर्मा ने 45 रन और अर्णव भाटी व कृशार्थ अवाना ने 18-18 रन बनाए। एसडीसीए की तरफ से नमन डोगरा और आदित्य ने 2-2 विकेट लिए। वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसडीसीए की टीम 25 ओवरों में ही सिमट गई। टीम ने कुल 77 रन बनाए। एसडीसीए की तरफ से जैद मलिक ने 20 रन बनाए। सनी तिवारी ने 18 और ऋतिक मीणा ने 15 रनों का योगदान दिया। पीएनसीए की तरफ से अर्णव भाटी ने 5 विकेट लिए। 18 रन और 5 विकेट लेने पर अर्णव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। ब्यूरो
-------
गौतमबुद्ध नगर का दबदबा कायम
नोएडा। सेक्टर-21 ए स्थित नोएडा स्टेडियम में खेले जा रहे चौथी यूपी स्टेट रोलर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2018 में गौतम बुद्ध नगर का दबदबा रहा। वहीं, दूसरे स्थान पर गाजियाबाद रहा। फाइनल मुकाबलों के बाद पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक एससी मिश्रा, उत्तर प्रदेश रोलर स्केटिंग संघ के महासचिव धर्मेंद्र सिंह राठौर, राजेश शैली, पंकज जिंदल, मंजीत सिंह, संदीप भटनागर, अरुण कुमार और हर्ष कुमार उपस्थित थे। बता दें कि इस प्रतियोगिता की शुरुआत 15 नवंबर से हुई थी। इसमें प्रदेशभर के 25 जिलों के लगभग 500 स्केटर्स ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बालक व बालिकाओं के अंडर-8 से लेकर 16 से ऊपर आयु वर्ग में प्रतियोगिताएं खेली गई। विजेता खिलाड़ी विशाखापट्टनम में होने वाली 56वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसका आयोजन 18 से 25 दिसंबर के बीच होना है। ब्यूरो