दो दिन बढ़ी हत्यारोपी विश्वास पांडे की रिमांड अवधि
फरीदाबाद। टाटा स्टील के वरिष्ठ प्रबंधक अरिंदम पाल के हत्या आरोपी विश्वास पांडे की रिमांड अवधि दो दिन और बढ़ गई है। अब पुलिस उसे लेकर चंडीगढ़ जाएगी और वहां एक वीजा लगवाने वाली कंपनी में जमा उसके पासपोर्ट को जब्त करेगी।
बाटा चौक के पास स्थित टाटा स्टील प्रोसेसिंग एंड डिस्ट्रीब्यूशन प्लांट में कार्यरत वरिष्ठ प्रबंधक अरिंदम पाल की निष्कासित कर्मचारी विश्वास पांडे ने गत 9 नवंबर को ऑफिस में ही गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी विश्वास पांडे को 10 नवंबर की रात को सैनिक कॉलोनी मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने उसे तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो विश्वास ने बताया कि उसे नौकरी से निकलवाने का षड्यंत्र रचने वाले तीन और अधिकारी उसके निशाने पर थे। उनकी हत्या के लिए वह प्रयागराज (इलाहाबाद) से 90 हजार रुपये में पिस्तौल और 25 कारतूस खरीदे थे। पुलिस विश्वास को हथियार उपलब्ध करवाने वाले की तलाश में प्रयागराज भी कई थी, मगर पुलिस को वहां कोई नहीं मिला और पुलिस खाली हाथ लौट आई थी।
बुधवार को विश्वास पांडे का पुलिस रिमांड समाप्त हो गया था। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर उसका रिमांड बढ़ाने की मांग की। इस पर अदालत ने उसकी रिमांड अवधि दो दिन के लिए बढ़ा दी। अब पुलिस उसे लेकर चंडीगढ़ जाएगी। पुलिस के अनुसार विश्वास को सिंगापुर की एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी मिल गई थी और उसने वीजा लगवाने के लिए अपना पासपोर्ट चंडीगढ़ स्थित एक विजा लगवाने वाली कंपनी में जमा करवा रखा था। पुलिस उसे चंडीगढ़ ले जाकर उसका पासपोर्ट जब्त करेगी।