आत्महत्या मामला : महिला सहित दो गिरफ्तार
फरीदाबाद। एनआईटी-5 निवासी लोहा कारोबारी प्रदीप कालरा की आत्महत्या के मामले में थाना एनआईटी पुलिस ने दो आरोपियों रमेश नागपाल और उसकी पत्नी मंजू नागपाल को गिरफ्तार किया है। दोनों को बुधवार को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। शहर के नामचीन लोहा कारोबारी प्रदीप कालरा ने मंगलवार को अपने घर के बाथरूम में अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मार कर आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले कारोबारी ने सुसाइड नोट भी लिखा था और अपने मोबाइल में अपने बयान की वीडियो क्लिप भी बनाई थी। सुसाइड नोट और मोबाइल क्लिप में प्रदीप कालरा ने अपने बेटे प्रिंस की पत्नी हिना, उसके पिता रमेश नागपाल, मां मंजू नागपाल और भाई अनीश नागपाल पर षड्यंत्र के तहत शादी करने और संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया था। उसी से परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या करने की बात सुसाइड नोट में लिखी थी। प्रिंस और हिना की यह दूसरी शादी थी।
पुलिस ने प्रदीप कालरा के बेटे प्रिंस की शिकायत पर उनकी पत्नी हिना, ससुर रमेश नागपाल, सास मंजू नागपाल और अनीष के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने, जान से मारने की धमकी और षड्यंत्र रचने का मामला दर्ज कर लिया था। थाना एनआईटी प्रभारी अर्जुन राठी ने बताया कि इस मामले में हिना के माता पिता को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड लेकर पूछताछ की जा रही है। हिना और अनीश अभी फरार हैं। उनको भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वायरल हुआ सुसाइड नोट व वीडियो क्लिप
आत्महत्या से पहले प्रदीप कालरा द्वारा लिखा सुसाइड नोट व अपना बयान देते हुए बनाया गया वीडियो क्लिप मंगलवार देर शाम वायरल हो गया। सुसाइड नोट में जहां उन्होंने लिखा है कि मैं इतना सताया जा चुका हूं कि मुझे कुछ भी हो सकता है। वहीं रात को वायरल हुए उनके 44 सेकेंड के वीडियो क्लिप में प्रदीप कालरा कह रहे हैं कि मैं अपना बयान देकर जा रहा हूं कि मैंने अपने बड़े बेटे की शादी नागपाल परिवार, जोकि एक फ्रोडी टाइप का आदमी है। मेरे बेटे ने यह गुनाह किया। उसने जब से शादी की तब से नागपाल परिवार ने उनकी जमीन हड़पने और उन्हें सताने के चक्कर में शादी की। उसका इरादा नेक नहीं था। हमने बहुत प्रयास किए।