फिर लागू हो सकता है वनवे सिस्टम
उद्योग व व्यापार मार्ग पर ट्रायल के लिए महीने भर पहले खत्म हुई थी व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। महीने भर पहले उद्योग मार्ग और व्यापार मार्ग पर खत्म किया गया वनवे (एकल मार्ग) सिस्टम फिर से लागू हो सकता है। एक महीने के लिए ट्रायल के तौर पर व्यवस्था को खत्म किया गया था। इस दौरान दोनों ही सड़कों पर जाम ने लोगों की दिक्कतें बढ़ी दीं। एकल मार्ग की समीक्षा के लिए जल्द होने वाली बैठक इसका फैसला लिया जाएगा।
दरअसल, दो साल पहले शहर के दो प्रमुख मार्गों पर शुरू की गई वनवे व्यवस्था 16 जुलाई को खत्म कर दी गई थी। नोएडा प्राधिकरण ने एक महीने ट्रायल के आधार पर फिर से निर्णय लेने की दलील दी थी। हालांकि, वनवे खत्म होने से उद्यमियों ने नाराजगी जाहिर की थी, क्योंकि एनईए (नोएड एंटरप्रिनियोर्स एसोसिएशन) के सुझाव पर व्यवस्था को लागू किया गया था। वनवे खत्म करने से पहले उद्यमियों का सुझाव तक नहीं लिया गया। ट्रायल के लिए तय की गई समय सीमा 16 अगस्त को पूरी हो चुकी है। इस एक महीने में उद्योग मार्ग (सेक्टर-1 से लेकर सेक्टर-11 तक) और व्यापार मार्ग (सिवानी फर्नीचर से लेकर नया बांस) के बीच जाम की समस्या बढ़ गई है।
---
एकल मार्ग के समर्थन में ट्रैफिक पुलिस
एसपी ट्रैफिक अनिल कुमार झा ने बताया कि ट्रायल के दौरान समस्या बढ़ी है। वनवे खत्म करने से पहले अतिक्रमण हटाने और रोड सरफेसिंग का काम करने का सुझाव दिया था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। जब तक अतिक्रमण नहीं हटेगा, तब तक समस्या बरकरार रहेगी। इसलिए ट्रैफिक पुलिस बैठक में फिर से वनवे लागू करने की सलाह प्राधिकरण को देगी।