युवती ने प्रेमी पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
नोएडा। फेज-थ्री थाने में एक युवती ने प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत की है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने बताया कि सेक्टर-20 निवासी एक सोसाइटी निवासी युवती नोएडा की एक आईटी कंपनी में जॉब करती है। करीब 2 साल पहले कंपनी में काम करने वाले एक युवक से दोस्ती हो गई और फिर दोनों के बीच प्यार हो गया। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा करते हुए 30 हजार रुपये उधार लिए थे। एक साल बाद युवक ने शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद युवती ने अपने पैसे की मांग करते हुए उससे दूरी बना ली। युवती ने प्रेमी से अपने रुपये वापस मांगे तो एक माह पहले फेज थ्री कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कमरे पर रुपये देने के बहाने से बुलाया। आरोप है कि वहां पर तमंचे के बल पर उसेे जान से मारने की धमकी देते हुए दुष्कर्म किया। आरोपी ने धमकी दी कि अगर शिकायत की तो उसे जान से मार दिया जाएगा। उधर, पुलिस का कहना है कि युवती के आरोप की जांच की जा रही है। ब्यूरो
--
घर के सामने टहल रही महिला से लूटा मोबाइल
नोएडा। बाइक सवार बदमाशों ने सेक्टर-10 में घर के बाहर टहल रही महिला से मोबाइल लूट लिया।
शनिवार तड़के हुई वारदात के दौरान पीड़िता ने विरोध किया तो तमंचा कनपटी तान दिया। पीड़िता ने सेक्टर-20 कोतवाली में इसकी शिकायत दी है। जानकारी के मुताबिक पीड़िता सीमा परिवार के साथ सदरपुर में किराये पर रहती हैं और शुक्रवार को बहन के घर सेक्टर-10 में गई थी। शनिवार तड़के वह अपनी बहन के साथ घर के बाहर सड़क पर टहल रही थीं। उसी समय बाइक सवार दो बदमाशों ने मोबाइल झपट लिया। सीमा ने उसे पकड़ लिया मगर बदमाश ने तमंचा निकालकर कनपटी पर सटा दिया और गोली मारने की धमकी देकर मोबाइल लूट लिया। बदमाश भागे तो पीड़ित महिला ने शोर मचाया मगर जब तक सेक्टर के लोग उनको घेर पाते तब तक सेक्टर से बाहर जा चुके थे। पीड़िता ने कोतवाली में घटना की शिकायत दे दी है। ब्यूरो