पांच माह के लिए किराये पर ली जाएंगी, 59 करोड़ होंगे खर्च
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में लगातार बढ़ते प्रदूषण के स्तर को देखते हुए सरकार ने राजधानी की सड़कों पर बड़े पैमाने पर एंटी स्मॉग गन तैनात करने का फैसला किया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने 200 ट्रक-माउंटेड एंटी स्मॉग गनों को किराये पर लेने के लिए लगभग 59 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति और व्यय की मंजूरी दी है। यह एंटी स्मॉग गन फरवरी तक दो शिफ्टों में चलेंगी और राजधानी के उन इलाकों में तैनात होंगी जहां धूल प्रदूषण सबसे अधिक है।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी की ईस्ट (मेंटेनेंस) जोन की ओर से 6 नवंबर को आदेश जारी किया गया है। इसमें साफ कहा गया है कि एंटी स्मॉग गन रोजाना 8-8 घंटे की दो शिफ्टों में काम करेंगी। प्रत्येक एंटी स्मॉग गन के संचालन और किराये की औसत लागत 29,41,724 रुपये निर्धारित की गई है। इस अभियान को पॉल्यूशन कंट्रोल एंड इमरजेंसी मेजर्स (अन्य राजस्व व्यय) शीर्ष के तहत वित्तीय स्वीकृति मिली है। दिल्ली सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने के साथ-साथ इन एंटी स्मॉग गन पर पर्यावरण जागरूकता संबंधी संदेश भी प्रदर्शित किए जाएंगे। राजधानी में एंटी स्मॉग गन 2018 में लाई गईं थीं। सुप्रीम कोर्ट ने निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के उपायों को लेकर सख्त निर्देश दिए थे।