ग्रेनो वेस्ट की ग्रीन आर्क सोसाइटी की मार्केट में मैडम मोमोज रेस्तरां के मोमोज खाने से बीमार होने वाले लोगों की संख्या 20 से अधिक है। इनमें से कुछ ठीक हो चुके हैं, जबकि कुछ अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। बीमार होने वाले ज्यादातर लोगों ने चिकन मोमोज खाए थे। वहीं, खाद्य विभाग केवल तीन लोगों के बीमार होने का दावा कर रहा है। हालांकि, विभाग नमूने लेने के साथ दुकान को अगले आदेश तक बंद करा चुका हैं।
21 मई को रेस्तरां में बड़ी संख्या में लोगों ने मोमोज खाए थे। चेरी काउंटी सोसाइटी के चार परिवारों को उल्टी व दस्त हो गए थे। वहीं, ग्रीन आर्क और गाैड़ सौदर्यम सोसाइटी के दस लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
निवासियों ने बताया कि मोमोज खाने से 20 से अधिक लोग बीमार हुए हैं। चेरी काउंटी सोसाइटी निवासी दिव्या का कहना है कि 21 मई को बेटे के साथ चिकन मोमोज खाए थे। अगले ही दिन दोनों बीमार हो गए। घर पर ही इलाज कराया। चेरी काउंटी सोसाइटी निवासी शोएब और उनके परिवार के तीन अन्य सदस्य भी बीमार हो गए थे। शोएब अभी भी अस्पताल में भर्ती है। बीमार होने वाले ज्यादातर लोगों का कहना है कि उन्होंने चिकन मोमोज खाए थे।
विभाग की टीम ने बीमार लोगों के साथ चिकित्सकों से भी बात की है। मोमोज खाने से तीन लोगों के बीमार होने की जानकारी मिली है। दो लोग निजी अस्पताल में भर्ती हैं। बाकी लोगों को डायरिया की शिकायत थी, जो गर्मी से भी हो सकती है। फिलहाल दुकान बंद है। साफ सफाई के बाद ही दुकान को खोलने की अनुमति दी जाएगी। बाकी नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- अर्चना धीरान, सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय