गंगोह। नगर में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर आयोजित बैठक में नगर पालिका के कुल 25 सभासदों में से 20 स्मार्ट मीटर लगाने के पक्ष में रहे जबकि पांच सभासदों ने इसका विरोध किया है। बैठक नगर पालिका सभागार में ऊर्जा निगम द्वारा बुलाई गई थी, जिसमें अधीक्षण अभियंता रविन्द्र बाबू ने शासन की योजनाओं एवं स्मार्ट मीटर के लाभों की जानकारी दी।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि शासन द्वारा नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के बकाया बिलों की वसूली को सुगम बनाने तथा पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इससे उपभोक्ता स्वयं अपनी रीडिंग व बिल की स्थिति डिजिटल माध्यम से देख सकेंगे तथा गलत बिलिंग एवं मीटर रीडिंग को लेकर होने वाली शिकायतों में भी कमी आएगी।
बैठक के दौरान विपक्षी सभासद के पति मोहम्मद दानिश कुरैशी ने विरोध जताते हुए कहा कि जब पुराने मीटर सही स्थिति में कार्य कर रहे हैं तो उन्हें बदलकर नए मीटर लगाने का औचित्य नहीं है। इससे उपभोक्ताओं पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि वह तथा उनके साथ पांच अन्य विपक्ष के सभासद अपने घरों पर स्मार्ट मीटर लगवाने के विरोध में हैं। वहीं पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद ने सुझाव रखते हुए कहा कि नगर में पहले चरण में चेक मीटर के साथ स्मार्ट मीटर लगाए जाएं।
जांच व परीक्षण के बाद यदि रीडिंग सही पाई जाती है, तब आगे व्यापक स्तर पर मीटर बदले जाएं। इस प्रस्ताव को कई सभासदों ने समर्थन दिया। हालांकि पालिका में 20 सभासदों ने स्मार्ट मीटर लगाने के पक्ष में सहमति दी।
विरोध करने वाले सभासद बाद में बैठक से वॉकआउट कर गए। बैठक में ईओ लोकेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता नानौता राजा कुमार, उपखंड अधिकारी अंकुश वर्मा, अवर अभियंता शिवकुमार, रजनीश कुमार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।