डेबिट कार्ड क्लोन कर पैसे निकालने वाले दो गिरफ्तार
नोएडा। एटीएम में स्कीमर डिवाइस और कैमरे लगाकर कार्ड क्लोन करने वाले दो ठगों को शुक्रवार रात कोतवाली फेज टू पुलिस ने सेक्टर-110 के पास से गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक लैपटॉप, सात कार्ड रीडर मशीन, दो स्कीमर डिवाइस, दो माइक्रो कैमरे, 69 ब्लैंक कार्ड और ढाई लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एडीसीपी क्राइम इलामारन जी. ने बताया कि आरोपियों की पहचान सूरजपुर निवासी फिरोज और सचिन शर्मा के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि दोनों कार्ड क्लोनिंग करने वाले गिरोह से जुड़े हैं। आरोपी एटीएम के अंदर स्कीमर व कैमरे लगाकर कार्ड क्लोन करते थे। वहीं, कार्ड रीडर के माध्यम से बूथ के अंदर किसी की मदद के बहाने कार्ड का डिटेल कॉपी कर लेते थे और पिन नंबर देख लेते थे। पूछताछ में सैकड़ों डेबिट कार्ड क्लोन करने की बात कबूली है। एक स्कीमर डिवाइस से दस डेबिट कार्ड की रीडिंग होती थी। इसके बाद आरोपी दूसरा डिवाइस लगाते थे।
दो तरीके से करते थे क्लोनिंग
एडीसीपी क्राइम ने बताया कि आरोपी दो तरीके से एटीएम बूथ से कार्ड की कॉपी व क्लोन करते थे। पहला तरीका नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली व अन्य शहरों के सुनसान स्थान वाले एटीएम बूथ में जाकर कार्ड डालने वाले स्थान पर स्कीमर डिवाइस लगा देते थे। जब भी कोई शख्स एटीएम में कार्ड डालता था तो स्कीमर डिवाइस में पूरी डिटेल आ जाती थी। वहीं, एटीएम बूथ में मिनी कैमरा लगाते थे और पासवर्ड देख लेते थे। दूसरा तरीका यह था कि आरोपी अपने पास कार्ड रीडर रखते थे। एटीएम बूथ के अंदर किसी के आने का इंतजार करते थे। फिर मदद के बहाने उससे कार्ड लेते थे और क्षण भर में कार्ड रीडर की मदद से डिटेल कॉपी कर लेते थे। इसके बाद सॉफ्टवेयर के माध्यम से कार्ड क्लोनिंग कर पैसे निकाल लेते थे।
इनके साथ हुआ फर्जीवाड़ा
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। पिछले साल सितंबर में एक युवती का कार्ड क्लोन कर 39 हजार रुपये निकाल लिए थे। सितंबर में ही सेक्टर-86 निवासी दीपक का एटीएम बदलकर 25 हजार रुपये निकाले। सितंबर में ही सेक्टर-80 में रहने वाले संदीप सिंह के 5500 रुपये निकाल लिए थे। दिसंबर में सेक्टर-110 निवासी योगेश भानू के एसबीआई एटीएम कार्ड से 47 हजार रुपये व भंगेल निवासी सुनील के खाते से 28 हजार रुपये निकाल लिए थे। इन सभी मामलों में कोतवाली फेज टू में एफआईआर दर्ज है।
एटीएम कार्ड क्लोनिंग करने वाले दो ठगों को गिरफ्तार किया गया है। पिछले कई महीनों से वारदात कर रहे थे। आरोपी स्कीमर व कार्ड रीडर की मदद से एटीएम का क्लोन कर पैसे निकाल रहे थे।
- इलामारन जी., एडीसीपी क्राइम