छह लोगों के खाते से 2.92 लाख रुपये उड़ाए
नोएडा। साइबर ठगों ने छह लोगों के खाते से 2.92 लाख रुपये उड़ा दिए। किसी से ओएलएक्स पर खरीदारी के नाम पर तो किसी से केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर ठगी की गई। सभी छह मामले कोतवाली सेक्टर-24 में दर्ज हैं। पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सदरपुर निवासी बृहस्पति का पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। उनके पास 18 सितंबर को एक शख्स का फोन आया। उसने एसबीआई बैंक का कर्मचारी बताकर खाते के बारे में जानकारी ले ली। बृहस्पति ने जैसे ही जानकारी दी खाते से 60 हजार रुपये निकल गए। दूसरी घटना सेक्टर-29 निवासी मानसी उप्रेती के साथ हुई। मानसी ने ओएलएक्स पर दो घड़ियों विज्ञापन डाला था। 30 सितंबर को मानसी के पास एक युवक ने फोन किया। उसने दोनों घड़ियों को ख्ररीदने की इच्छा जताई। दोनों में सहमति बन गई। युवक ने मानसी से कहा कि एक नए एप से वह पैसे ट्रांसफर करेगा। इसके लिए उसने मानसी को रिक्वेस्ट लिंक भेजा। मानसी ने जैसे ही इस लिंक को दबाया कि उनके खाते से 46 हजार रुपये निकल गए। तीसरा फर्जीवाड़ा सेक्टर-49 निवासी दीपक चौहान के साथ हुआ। दीपक का खाता बैंक ऑफ महाराष्ट्र में है। 30 सितंबर को दीपक के पास एक युवक का फोन आया और लालच देकर एक लिंक डाउनलोड करने के लिए कहा गया। जिसे दीपक ने डाउनलोड कर दिया तभी उसके पेटीएम खाते से 26,700 रुपये निकले गए। चौथा मामला सेक्टर-60 निवासी अहीन घोष के साथ हुआ। इनके पास भी एक शख्स का फोन आया और खाते संबंधी कुछ जानकारी मांगी। इन्होंने जानकारी दे दी तभी इनके तीन खातों से 81 हजार रुपये निकल गए। पंजाब नेशनल बैंक से 50 हजार, एसबीआई से छह हजार और कारपोरेशन बैंक के खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए गए। सेक्टर-22 निवासी कुलवीर के खाते से जालसाज ने 47296 रुपये निकाल लिए। कुलवीर का पंजाब नेशन बैंक में खाता है। 30 सितंबर को उनके पास एसएमएस आया कि खाते से 47296 रुपये निकल गए हैं। जबकि एटीएम कार्ड भी इन्हीं के पास था। पुलिस कार्ड क्लोनिंग की आशंका जता रही है। वहीं, सेक्टर-121 स्थित क्लियो काउंटी सोसायटी निवासी चंद्रभूषण तिवारी के खाते से 32 हजार रुपये निकल गए। इनके पास एक युवक का फोन आया था। उसने केवाईसी अपडेट कराने के लिए कहा और इस दौरान कई जानकारियां ले लीं। फोन पर दोनों के बीच बात खत्म होते ही एचडीएफसी बैंक के खाते से 32 हजार निकल गए।
सभी मामलों में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
- रामफल सिंह, थानाध्यक्ष, कोतवाली सेक्टर-24