होमवर्क पूरा नहीं होने पर 5वीं के छात्र को मारे 10 थप्पड़
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के लखनावली गांव स्थित एक स्कूल में गणित का होमवर्क पूरा न होने पर पांचवीं के छात्र को 10 थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रिंसिपल ने गाल पर थप्पड़ मारे। इससे छात्र का गाल सूज गया और वह रोता हुआ घर पहुंचा। मामले में छात्र के पिता ने सूरजपुर कोतवाली में प्रिंसिपल पर केस दर्ज कराया है। पुलिस ने छात्र का मेडिकल परीक्षण कराया है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से बुलंदशहर निवासी यूसुफ छोले-भटूरे बेचने व कैटरिंग का काम करते हैं। यूसुफ परिवार के साथ फिलहाल सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के मलकपुर गांव में रहते हैं। उनकी एक बेटी व दो बेटे लखनावली गांव के आरसीएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल में पढ़ते हैं। परिवार के समारोह में चले जाने के कारण कक्षा 5 में पढ़ने वाले उनका बेटा समीर गणित का होमवर्क पूरा नहीं कर पाया था। सोमवार को उनके बच्चे स्कूल गए थे। यूसुफ का आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं करने से प्रिंसिपल प्रमोद शर्मा भड़क गए और उन्होंने समीर के गाल पर कई थप्पड़ जड़ दिए। बेटे का गाल सूजे होने से उन्होंने सूरजपुर कोतवाली में सोमवार को मामले की शिकायत की। छात्र के पिता की तहरीर पर प्रमोद शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में प्रिंसिपल के छात्र को थप्पड़ मारने के दौरान उससे गिनती गिनाने की भी चर्चा रही, लेकिन छात्र व उसके पिता ने थप्पड़ मारने के दौरान गिनती गिनाने से इंकार किया।
---------
छात्र के पिता की तहरीर पर प्रिंसिपल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। छात्र का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- रणविजय सिंह, एसपी देहात