हेडिंग: अब तक 1300 लोगों ने दी आम्रपाली के खिलाफ शिकायत
दिल्ली में ईओडब्लू में रोजाना शिकायत दर्ज करा रहे हैं फ्लैट खरीदार
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। आम्रपाली के खिलाफ शिकायत करने वाले फ्लैट खरीदारों का आंकड़ा 1300 तक जा पहुंचा है। खरीदारों की ओर से दिल्ली स्थित ईओडब्ल्यू में लगातार शिकायतें की जा रही हैं। वहीं, अन्य खरीदार भी वहां पहुंच रहे हैं।
आम्रपाली के फ्लैट खरीदार केके कौशल ने बताया कि इकोनॉमिक ऑफिस विंग (ईओडब्ल्यू) में आम्रपाली के फ्लैट खरीदारों के लिए अलग से एक सेल बनाया गया है जहां संबंधित अधिकारी शिकायत करने वालों का आवेदन ले रहे हैं। खरीदारों से फ्लैट की बुकिंग कराने की तिथि, कुल कीमत, आवेदक का नाम, पता और चुकाई गई रकम की जानकारी ली जा रही है। यह सब कुछ एक रजिस्टर में दर्ज कर लिया जा रहा है। इसमें कुछ आवेदकों की ओर से सबूत के तौर पर दस्तावेज भी दिए जा रहे हैं। इसके अलावा अगर आम्रपाली के खिलाफ फ्लैट खरीदार की ओर से किसी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है तो उसकी भी जानकारी ली जा रही है। ईओडब्ल्यू के अधिकारी फ्लैट खरीदारों को कार्रवाई का आश्वासन दे रहे हैं। यही नहीं अधिकारियों ने ईमेल और डाक से भी शिकायत लेने की बात कही।