हिसार के महासम्मेलन में नंबरदार उठाएंगे अपनी बात
तावडू। आगामी 14 अक्तूबर को हिसार में होने वाले नंबरदारों के महासम्मेलन को लेकर बृहस्पतिवार को एसडीएम सतीश यादव ने खंड एवं पंचायत कार्यालय पर तहसील के नंबरदारों के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने सभी नंबरदारों से इस सम्मेलन में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नंबरदार शासन और प्रशासन के बीच एक कड़ी का काम करते हैं। प्रशासन की आंख, कान बल्कि गांव समाज की शिनाख्त में भी उनका अविस्मरणीय योगदान रहता है। खासकर तहसील की रजिस्ट्री व इंतकाल आदि कामों की तस्दीक पर ही अधिकारी अपनी सहमति की मुहर लगाता है। इस दौरान नंबरदारों ने उनके समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। प्रधान सुरेंद्र ने कहा कि तहसील में नंबरदारों के बैठने के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस भवन, हुडा सेक्टर प्लाट में नंबरदारों को आरक्षण, मानदेय बढ़ोतरी व हर माह उनके खाते में मानदेय डलवाने, राजस्व संबंधी कार्यपूर्ति के लिए गांव के ही नंबरदार की तस्दीक, प्रशासन की अहम बैठकों में नंबरदारों को शामिल करने आदि बातें रखीं। एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि उनके पास लिखित प्रस्ताव मिलने पर वह उसे सरकार के समक्ष भिजवाने का काम करेंगे। अपील की कि वे अपने साथी नंबरदारों को भी सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। तहसीलदार राकेश कुमार ने कहा कि वह राजस्व संबंधित कार्य पूरा करने के लिए गांव के ही नंबरदारों की तस्दीक के लिए राजस्व कर्मियों को निर्देश जारी कर चुके हैं।