ईको सोसायटी के बेसमेंट में
लावारिस कुत्तों का बसेरा
- सोसायटी के लोगों ने महिला पर लगाया खाना देने का आरोप
नोएडा। सेक्टर-137 स्थित ईको सिटी सोसायटी के लोग इन दिनों लावारिस कुत्तों से परेशान हैं। सोसायटी के लोगों ने एक महिला पर इन्हें खाना देने और खदेड़ने का प्रयास करने पर थाने और केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के पास शिकायत करने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिन में ये लावारिस कुत्ते 10 लोगों को काट चुके हैं।
नागरिकों का कहना है कि सोसायटी का बेसमेंट इन दिनों कुत्तों का घर बना हुआ है। जो भी उधर जाता है, कुत्ते भौंकते हुए दौड़ा लेते हैं। मालूम कि पिछले दिनों सोसायटी के कुछ लोगों ने लावारिस कुत्तों को पकड़वाने का प्रयास किया था, लेकिन कुत्ता प्रेमी पहुंच गए और सभी कुत्तों को छुड़ा लिया। मामला थाने तक पहुंचा था। दोनों पक्षों में तभी से तनाव है। हालात यह हैं कि लावारिस कुत्तों को खाना भी बेसमेंट में ही दिया जा रहा है। आसपास के कुत्ते भी वहां आ धमकते हैं। जो उनको रोकने का प्रयास करता है, उसके खिलाफ थाने में शिकायत कर दी जाती है। दो दिन पहले भी दोनों पक्षों की तरफ से पुलिस में शिकायत की गई तो कुत्ता प्रेमी केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के पास पहुंच गए। जैसे ही वहां से पुलिस को फोन आया तो वह भी कार्रवाई के लिए मजबूर हो गई। लोगों का कहना है कि बेसमेंट में कुछ लोग कुत्तों को ट्रेनिंग भी दे रहे हैं।
वैसे कुछ दिन पहले ही सोसायटी के पास डंपिंग ग्राउंड बना दिया गया था। नागरिकों ने एनजीटी से शिकायत की तभी वहां कूड़ा डालने पर रोक लगाई गई थी।