25 गांवों में जल्द लगेंगे वाटर एटीएम
नूंह। उपायुक्त अशोक शर्मा की अध्यक्षता में लघु सचिवालय में स्थित कांफ्रेंस हॉल में बृहस्पतिवार को जिले में बिजली-पानी व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें जनस्वास्थ्य विभाग व बिजली विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। उपायुक्त ने बताया कि इस महीने में 30 हजार बिजली के नए कनेक्शन देने का लक्ष्य जल्द पूरा किया जाएगा। कहा गया कि दिसंबर के बाद जिले में बिजली किल्लत नहीं रहेगी, क्योंकि पुराने तारों को बदल कर सभी जगह नई केबल डाली जाएगी। उन्होंने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता को गर्मी को देखते हुए बिजली सप्लाई सुचारु रूप से करने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने बैठक में बताया कि जिला के 25 गांवों में वाटर एटीएम जल्द लगवाए जाएंगे, जिससे ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल मिल सके। गर्मी के मौसम को देखते हुए पानी की पूरी सप्लाई हो तथा पानी लीकेज न हो व टैंकों की सफाई हो तथा लोगों को स्वच्छ पेयजल मिले, इसलिए अधिकारी पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूलों में बच्चों को पानी उपलब्ध हो, इसके लिए समय-समय पर दौरा करते रहें। बैठक में एसडीएम नूंह डा. मनोज कुमार, फिरोजपुर झिरका अनीश यादव, तावडू़ प्रीति, एमएल रोहिला एसई, कार्यकारी अभियंता बिजली विभाग सतबीर यादव, कार्यकारी अभियंता फैजल इब्राहिम व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।