जिला शिक्षा अधिकारी का कार्यकाल बढ़ाने की मांग
- शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों ने एसडीएम के माध्यम से शिक्षा मंत्री को भेजा मांग पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
नूंह। जिला शिक्षा अधिकारी डा. दिनेश शास्त्री के कार्यकाल को बढ़ाने के लिए शिक्षक संगठन के कुछ पदाधिकारियों ने एसडीएम प्रदीप अहलावत के माध्यम से शिक्षा मंत्री को एक मांग पत्र भेजा है।
मेवात प्राथमिक संघ, हसला, हरियाणा राजकीय अध्यापक संघ, बाबा महात्मा फूले संस्थान सहित कई शिक्षक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि नूंह के जिला शिक्षा अधिकारी डा. दिनेश शास्त्री की सर्विस का कार्यकाल 30 अप्रैल 2019 को समाप्त हो रहा है। नूंह जिले की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जिस तरह से डा. शास्त्री ने कार्य किया है, इसे ध्यान में रखते हुए संगठनों ने उनके कार्यकाल में दो साल का विस्तार देने की मांग की है। उनका कहना है कि नूंह जिले में शिक्षा के उत्थान के लिए डा. शास्त्री का रहना जरूरी है।
संगठन हसला के राज्य उपप्रधान डा. राजेश ढुल ने कहा कि चार वर्ष पहले डा. दिनेश शास्त्री ने जब नूंह जिले को ज्वाइन किया था, उस समय यहां सीनियर सेकेंडरी स्कूलों की संख्या 21 थी, जो अब बढ़कर 79 हो गई है। इसके अलावा उन्होंने यहां लड़कियों की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए सरकार की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ नीति को भी साकार करने में अहम भूमिका निभाई है। यहां छात्राओं की संख्या कई हजार बढ़ी है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा विभाग के माथे पर लगे भ्रष्टाचार के कलंक को भी धोया है।
संगठन के लोगों ने बताया कि डा. शास्त्री ने जिले में स्टार शिक्षक प्रणाली को बनाया, जिसको पूरे हरियाणा में विभाग ने लागू किया है। यहां परीक्षा परिणाम को बेहतर करने के लिए दोपहर बाद प्रति दिन टेस्ट लेने की पहल की। जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। संगठनों के पदाधिकारियों ने खुशी जताते हुए कहा कि अध्यापकों के कार्यों को भी प्राथमिकता से निपटाया गया है। अध्यापकों का कोई काम पेंडिंग नहीं है। इस मौके पर हसला जिला प्रधान फरियाद मोहम्मद, प्रेस सचिव दिनेश गोयल, कुसुम मलिक, विनय जैन, विक्रम राणा, रमेश चंद, दीपक चौधरी, डा. विनोद मान, हसमत अली, आनंद, सुरेंद्र, विकास, नरेश साबिया, रहमुद्दीन, जुनेन सहित सैकड़ों अध्यापक मौजूद थे।
फोटो- एसडीएम को ज्ञापन सौंपते अध्यापक संगठन के पदाधिकारी।