अंत्योदय योजना : अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का होगा उदय
- एक छत के नीचे मिलेगी 485 से अधिक योजनाएं व सेवाएं
- पुन्हाना विधायक व राज्यमंत्री ने किया अंत्योदय भवन का उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
नूंह। सरकार ने पिछले चार साल साल में विकास कार्यों को गति देने का काम किया है। ऑनलाइन टेक्नोलॉजी के माध्यम से भी विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का काम किया है। गुड गवर्नेंस के तहत सरकार द्वारा की गई अंत्योदय केंद्र, सरल केंद्र व अटल सेवा केंद्रों की स्थापना इसी कड़ी का हिस्सा हैं। इनके माध्यम से आमजन को उनके घरों के नजदीक सरकार की सभी योजनाएं परियोजनाओं का लाभ ऑनलाइन मिलेगा। ये बातें पुन्हाना के विधायक व राज्यमंत्री रहीश खान ने मंगलवार को सुशासन दिवस के अवसर पर लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र व पुराना डीसी ऑफिस भवन स्थित अंत्योदय भवन का उद्घाटन करने के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने भूतपूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी और पंडित मदन मोहन मालवीय के जन्म दिवस के अवसर पर उनके चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा जनता के उत्थान के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं तथा विभिन्न प्रकार की सेवाओं का लाभ भी उन्हें दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अंत्योदय का अर्थ है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का उदय करना यानी उसे योजनाओं व सुविधाओं का लाभ मिले।
जिले में सरल केंद्रों और जिला स्तर पर बनाया गया अंत्योदय भवन, उपमंडल व तहसीलों में अंत्योदय सरल केंद्रों व गांवों में अटल सेवा केंद्र के माध्यम से आमजन को विभिन्न सेवाएं व योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा एक टोल-फ्री अंत्योदय सरल हेल्पलाइन नंबर (1800-2000-023) भी शुरू किया गया है ताकि योजनाओं और सेवाओं के संबंध में आवेदकों के प्रश्नों और शिकायतों का समाधान किया जा सके। इस हेल्पलाइन नंबर पर जुलाई, 2018 से अब तक करीब 50,000 से अधिक कॉलों का उत्तर दिया गया है। इसके अलावा, सभी केंद्रों में सहायता डेस्क स्थापित किए गए हैं ताकि नागरिकों को योजनाओं और सेवाओं, दस्तावेजीकरण और प्रसंस्करण की योग्यता के संबंध में सहायता मिल सके। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप ने कहा कि सरकार द्वारा लागू की गई कल्याणकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ जनता को निर्धारित समयावधि में दिया जाएगा। इस मौके पर भाजपा नेता नरेंद्र पटेल, शिवराम शर्मा, संजय सहित कई अधिकारी व नेता मौजूद थे।
फोटो- अंत्योदय भवन का उद्घाटन करते राज्य मंत्री रहीश खान।