हेडिंग: पढ़ाई न कराने पर दो शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय बरौला का किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। जिलाधिकारी ब्रजेश नारायण सिंह के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बालमुकुंद प्रसाद ने शनिवार को बिसरख ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय बरौला का निरीक्षण किया। प्रसाद ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दो कक्षाओं में कोई अध्यापक मौजूद नहीं था। जबकि प्रांगण में कई अध्यापक एक साथ बैठकर बातें कर रहे थे। वहीं, दो कक्षाओं में शिक्षकों के रहते हुए पढ़ाई नहीं चल रही थी। ऐसे में दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
एक स्वयंसेवी संस्था द्वारा चार कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड लगाए गए हैं। कक्षा 8 में निरीक्षण के दौरान भूगोल विषय का शिक्षण कार्य स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से कराया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान बच्चों से भी बात की गई। उन्हें स्मार्ट बोर्ड से शिक्षण कार्य बहुत ही रुचिकर लगा। वहीं, विद्यालय में अधिकांश बच्चों को स्वेटर मिल चुके हैं, लेकिन कुछ बच्चों ने स्वेटर ना पाने की बात बताई। इस संबंध में प्रधानाध्यापिका को तत्काल स्वेटर वितरण के निर्देश दिए गए। 306 पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष मात्र 151 बच्चे उपस्थित पाए गए। यह स्थिति अत्यंत असंतोषजनक है। विद्यालय में कई शिक्षकों के बीएलओ में ड्यूटी लगे होने की बात भी सामने आई।