अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए रोशनी से जगमगाया संयुक्त राष्ट्र
सब हेड---
अभिनेता अनुपम खेर ने योग शब्द को स्विच दबाकर रोशनियों से जगमगाया
- इस मौके पर नई विशेष समारोह शीट जारी करेगा संयुक्त राष्ट्र
- पवित्र ध्वनि ओम और विभिन्न योग आसनों की तस्वीरें
एजेंसी
संयुक्त राष्ट्र। तीसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय रोशनियों से बनाए गए ‘योग’ शब्द से जगमगा उठा। बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने स्विच दबाया और ‘योग’ को रोशनियों से जगमगा दिया।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने ट्वीट किया, ‘संयुक्त राष्ट्र में योग जगमगा उठा। यहां संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय की इमारत को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए अभूतपूर्व तरीके से रोशन किया गया है।’ वहीं, अनुपम खेर ने ट्वीट कर कहा, ‘संयुक्त राष्ट्र की इमारत को रोशन करने का सम्मान मिला। न्यूयॉर्क अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी कर रहा है। यह लगातार तीसरा साल है, जब अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय को विशेष तौर पर रोशन किया जा रहा है।’ इस अवसर पर संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन और भारतीय वाणिज्य दूतावास ने कई समारोहों की योजना तैयार की है। भारत का स्थायी मिशन वैश्विक निकाय के मुख्यालय में 20 जून को योग के महारथियों के साथ योग सत्र का आयोजन करेगा। इसका नेतृत्व भारत स्थित परमार्थ निकेतन आश्रम के स्वामी चिदानंद सरस्वती और साध्वी भगवती सरस्वती और ऑस्ट्रिया स्थित शिवानंद योग रीट्रीट के स्वामी शिवदासनंद करेंगे। इस अवसर के विशेष अतिथि संयुक्त राष्ट्र महासचिव की शेफ डी कैबिनेट मारिया लूइजा रिबेइरो और महासभा के अध्यक्ष राजदूत पीटर थॉमसन होंगे। संयुक्त राष्ट्र डाक प्रशासन इस मौके पर नई विशेष समारोह शीट जारी करेगा, जिसमें पवित्र ध्वनि ओम और विभिन्न योग आसनों की तस्वीरें होंगी।