स्कूलों में मचा हड़कंप, अभिभावक हुए परेशान, दो घंटे तक चली जांच में कुछ नहीं मिला
नोएडा के नौ, सेंट्रल नोएडा के पांच व ग्रेटर नोएडा के चार स्कूलों को ई-मेल कर धमकी दी गई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सीबीएसई और यूपी बोर्ड की जारी परीक्षाओं के बीच बृहस्पतिवार को नोएडा-ग्रेटर नोएडा 18 निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी एक साथ मिली। इससे स्कूलों में हड़कंप मच गया। स्कूलों की मेल आईडी पर भेजे गए ई-मेल में स्कूल परिसर के कई हिस्सों में बम लगाने की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारी, बम व डॉग स्क्वॉयड के साथ जांच की। इस दौरान बच्चे क्लास के अंदर बोर्ड परीक्षा देते रहे। किसी स्कूल में कुछ नहीं मिला। पुलिस ई-मेल आईडी की जांच कर रही है।
बृहस्पतिवार को जब पुलिस की टीमें स्कूल परिसरों में जांच कर रही थी। उसी दौरान छात्र स्कूल के अंदर कक्षा में परीक्षा दे रहे थे। पुलिस ने व्यवस्थित तरीके से जांच की। पुलिस ने स्कूलों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाला लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं दिखा। इसके बाद बम व डॉग स्क्वॉयड ने जांच की लेकिन कहीं कुछ नहीं मिला।
पुलिस टीम ने स्कूलों के कक्षाओं, जीने के नीचे, गमलों, ग्रीन बेल्ट, पार्किंग एरिया, खाली बोरियों और प्रवेश द्वारों के आसपास विशेष चेकिंग अभियान चलाया। स्कूल भवन के हर कोने को खंगाला गया।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल बुधवार रात स्कूल की ईमेल आईडी पर भेजा गया था। बृहस्पतिवार सुबह स्कूलों में सीबीएसई की दसवीं की परीक्षा चल रही थी। सुबह नौ बजे के आसपास जब स्कूल प्रबंधन ने ई-मेल खोलना शुरू किया तब एक-एक कर धमकी का पता चला।
उन्होंने बताया कि इसकी मिलते ही स्कूलों के आसपास बम व डॉग स्क्वॉयड ने चेकिंग शुरू कर दी। स्कूलों में बोर्ड परीक्षा चल रही थी। इस कारण पुलिस ने अभियान ऐसा चलाया गया ताकि छात्रों को परीक्षा देने में परेशानी न हो। पुलिस की चेकिंग के बाद जब मौके पर कुछ नहीं मिला तब स्कूल प्रबंधन व पुलिस ने राहत की सांस ली। ई-मेल आईडी की जांच के लिए साइबर टीम लगाई गई है। इस मामले में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इन स्कूलों को मिली धमकी
धमकी भरा ई-मेल नोएडा जोन के नौ स्कूल, सेंट्रल नोएडा जोन में बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित डीपीएस, एस्टर स्कूल, सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के एस्टर पब्लिक स्कूल को धमकी मिली। ग्रेटर नोएडा जोन में प्रज्ञान स्कूल, विश्व भारती स्कूल, फादर एग्नेल स्कूल समेत पांच स्कूल को धमकी दी गई है।
अभिभावकों की बढ़ी चिंता
सुबह के समय चली इस कार्रवाई के दौरान कई स्कूलों में बोर्ड परीक्षाएं भी चल रही थीं। अचानक पुलिस और डॉग स्क्वॉयड के पहुंचने से छात्रों और अभिभावकों में हड़कंप मच गया। कुछ स्थानों पर एहतियातन छात्रों को कक्षाओं से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर खड़ा किया गया जिससे परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित हुई। हालांकि बाद में हालात सामान्य होने पर परीक्षाएं दोबारा शुरू कराई गईं। कई जगह अभिभावक भी अपने बच्चे की जानकारी लेने के लिए पहुंचे। पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह धमकी शरारती तत्वों द्वारा फैलाया गया दुष्प्रचार प्रतीत हो रहा है।
-
पुलिस कमिश्नर ने लिया जायजा
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने भी स्कूलों का जायजा लिया। उनके साथ अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारयण मिश्र, डीसीपी यमुना प्रसाद से लेकर अन्य अधिकारी शामिल थे। पुलिस कमिश्नर ने स्कूल परिसर के अंदर सुरक्षा को देखा और प्रिंसिपल से बातचीत की।
-
वीपीएन का इस्तेमाल कर हॉक्स ईमेल की आशंका
पुलिस का कहना है कि यह हॉक्स ईमेल था। इस तरह के ई-मेल के लिए वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का इस्तेमाल किया जाता है। इस तरह के नेटवर्क के लिए विदेशों की आईपी एड्रेस का इस्तेमाल होता है। विदेशों में सेटअप के कारण इनकी डिटेल मिलना मुश्किल होता है।
-
स्कूलों के आसपास की सुरक्षा बढ़ाई
वहीं, स्कूलों के आसपास की सुरक्षा बढ़ाई गई है। स्कूलों के आसपास गश्त बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस पीआरवी को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। अभिभावकों और स्कूल प्रशासन से सतर्क रहने की अपील की गई है। दूसरी तरफ अभिभावक प्रशासन से इस तरह की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।