ग्रेटर नोएडा में चार मार्गाें पर चलाई जाएंगी ई-बसें
ग्रेनो वेस्ट से ग्रेटर नोएडा की कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए बनी योजना
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने की संभावना को देखते हुए अब ग्रेटर नोएडा में चार मार्गाें पर ई-बस शुरू किए जाने की योजना पर प्राधिकरण ने काम शुरू किया है। यूपी रोडवेज की मदद से इन मार्गाें पर बसों का संचालन किया जाएगा।
पहले चरण में चार मार्गाें पर करीब 20 बसों का संचालन किया जाना है। इसके लिए प्रस्ताव यूपीएसआरटीसी को भेज दिया गया है। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि ई-बसों के संचालन में होने वाले शुरुआती घाटे की भरपाई प्राधिकरण करेगा। अभी तय चार रूट पर बसें चलने से ग्रेटर नोएडा के अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा, पी-3 आवासीय सेक्टरों के अलावा सूरजपुर, परी चौक का आना-जाना सुगम होगा। आवासीय सेक्टरों के अलावा प्राधिकरण, पुलिस व जिला प्रशासन के दफ्तर भी आवाजाही बेहतर होगी। ग्रेनो वेस्ट के लिए अभी कोई सीधी सार्वजनिक परिवहन सुविधा भी नहीं है। चार मूर्ति चौक, हनुमान मंदिर चौक भी इससे जुड़ जाएंगे। एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि ई-बसों के संचालन की योजना पर काम शुरू करा दिया है। जल्द ही रूट तय कर बसों का संचालन भी शुरू करा दिया जाएगा।
इन मार्गाें को किया गया प्रस्तावित
- ग्रेनो वेस्ट में गौड़ सिटी-1 व 2 के बीच से चार मूर्ति चौक, 130 मीटर सड़क, ग्रेनो प्राधिकरण रोटरी, सिटी पार्क, अल्फा कमर्शियल बेल्ट, परी चौक होकर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर।
- गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी ग्रेटर नोएडा वेस्ट से चार मूर्ति, 60 मीटर सड़क, हनुमान मंदिर चौक, बिसरख, सूरजपुर घंटाघर चौक, कलेक्ट्रेट, एलजी चौक, जगत फार्म, परी चौक, पी-3, यथार्थ अस्पताल, अपोलो, गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय से होते हुए नोएडा एयरपोर्ट।
- छपरौला फ्लाईओवर से 130 मीटर सड़क, सिरसा रोटरी, गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय होते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट।
- ग्रेटर नोएडा के मकौड़ा गोलचक्कर से बीटा-1, 2, जगत फार्म, एलजी चौक, शारदा विश्वविद्यालय, इंडिया एक्सपो मार्ट, नोएडा- ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के गलगोटिया अंडरपास से होते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट।