एक दिन में रिकॉर्ड 172 संक्रमित, एएसआई की मौत
नोएडा। जिले में एक ही दिन में रिकॉर्ड 172 लोग कोरोना से संक्रमित हो गए। बृहस्पतिवार को पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 3178 हो गई। राज्य सर्विलांस कार्यालय के आंकड़ों में एक मौत भी दर्ज की गई। हालांकि, इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति स्पष्ट नहीं की है। बताया गया है कि नोएडा निवासी दिल्ली पुलिस के एक एएसआई की दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्लाज्मा थेरेपी दी जा रही थी। हालत अधिक बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर पर भी रखा गया था। उनकी नियुक्ति स्पेशल ब्रांच में थी, लेकिन उन्हेें मोटर ट्रांसपोर्ट सेक्शन से संबद्ध कर लिया गया था। परिवार में पत्नी, बेटा और बेटी है। बेटी नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
वहीं, बृहस्पतिवार को सामने आए आंकड़ों में 125 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे। अब इनकी संख्या 2136 हो गई है। शारदा अस्पताल से बृहस्पतिवार को 5 मरीजों को ठीक होने पर डिस्चार्ज किया गया। प्रवक्ता डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि अभी कुल 128 मरीज भर्ती हैं। 14 बृहस्पतिवार को भर्ती किए गए हैं। 6 मरीजों को वेंटिलेटर पर रखा गया है। जिले भर में 1011 मरीज अभी भी विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती हैं। मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 31 हो गया है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मनोज कुशवाहा ने बताया कि मौत के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं है।
सभासद के पिता की मौत, मां भी पॉजिटिव
दादरी। दादरी सभासद के पिता की कोरोना से मौत हो गई। सभासद के माता-पिता को कई दिनों से बुखार था। दोनों को ग्रेटर नोएडा के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान पिता (62) की मौत हो गई। सभासद की मां अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। प्रशासन ने गांव को सील कर दिया है। वहीं, दादरी के सरकारी अस्पताल में 92 लोगों की कोरोना जांच की गई, जिसमें से आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, जारचा के पटाडी गांव में समाजसेवी देवेंद्र शिशोदिया व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दादरी की ओर से हेल्थ कैंप लगाया। कैंप प्रभारी सतेंद्र चौहान ने बताया कि कुल 150 लोगों के कोरोना टेस्ट किए गए। इसमें एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया, जिसे जिम्स में भेजा गया है।
कोविड मरीजों के इलाज में लगीं 28 एंबुलेंस
नोएडा। कोविड मरीजों की परेशानी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन के स्तर से 28 एंबुलेंस लगा दी गई हैं। जिला प्रशासन ने 20 अतिरिक्त एंबुलेंस की मांग शासन से की थी। इनमें से 15 एंबुलेंस स्वास्थ्य विभाग को मिल चुकी हैं। एंबुलेंस की कुल संख्या 50 हो गई है। इसमें से 28 कोविड और 22 एंबुलेंस नॉन कोविड मरीजों के इलाज में लगी हैं।