नूंह को जाम से मिलेगा छुटकारा, बाईपास पर काम शुरू
- पहले चरण में तावडू-होड़ल रोड से मेडिकल रोड तक होगा निर्माण
- अगले छह महीने में पूरा होने की उम्मीद
अमर उजाला ब्यूरो
नूंह। नूंह शहर को जल्द ही जाम से छुटकारा मिलने की उम्मीद है। इसके लिए सड़क एवं लोकनिर्माण विभाग ने प्रस्तावित बाईपास को बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीद है कि अगले छह महीने में करीब तीन किलोमीटर लंबा बाईपास का काम पूरा होने से होडल चौक, नंगली चौक व पुराना बस अड्डे पर लोगों को जाम से दो-चार नहीं होना पड़ेगा।
नूंह में आए दिन बढ़ते हुए जाम को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यहां बाईपास बनवाने की घोषणा की थी। यह बाईपास तावडू-होड़ल रोड से मरोड़ा आईटीआई तक नहर के साथ-साथ बनना है। सड़क एवं लोकनिर्माण विभाग ने इस योजना को सिरे चढ़ाते हुए 2950 मीटर बनने वाले इस बाईपास का टेंडर छोड़ दिया है। इसके निर्माण पर करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये खर्च होंगे। फिलहाल यह बाईपास फेज वन में तावडू-होड़ल रोड से मेडिकल रोड तक बनाया जाएगा। इसके बाद तावडू की तरफ से आने व नगीना-फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना तथा अलवर को जाने वाले वाहन नूंह शहर में न घुसकर सीधे इस बाईपास के माध्यम से निकलेंगे। इसके बाद बाईपास के फेज-टू का काम शुरू होगा। इसमें जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया सहित करीब 17 करोड़ रुपये और खर्च होंगे। फेज-टू का काम पूरा होने के बाद यह बाईपास मरोड़ा आईटीआई के पास निकलेगा। नूंह डिस्ट्रीब्यूटरी के साथ बनने वाले इस रोड की चौड़ाई फिलहाल 23 फीट की होगी तथा करीब डेढ़ मीटर चौड़ी पटरी होगी।
वन विभाग ने दी मंजूरी
अब तक यह बाईपास वन विभाग द्वारा मंजूरी न दिए जाने के कारण रुका हुआ था। लेकिन अब वन विभाग ने मंजूरी दे दी है तथा पटरी पर आने वाले पेड़ों को काटने का काम भी शुरू कर दिया गया है। उम्मीद है कि बहुत जल्द यह बाईपास लोगों की सहूलियत में तब्दील हो जाएगा।
बाईपास रोड का टेंडर हो चुका है। उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में यह बनकर तैयार हो जाएगा। पहले फेज में इसे तावडू रोड से मेडिकल कॉलेज रोड में मिलाया जाएगा। इससे नूंह शहर जाम से बच जाएगा। वन विभाग ने पेड़ काटने की मंजूरी दे दी है। - अरसद, जेई पीडब्ल्यूडी।
फोटो- इस नूंह डिस्ट्रीब्यूटरी के साथ बनेगा बाईपास।