हेडिंग: एक्वा लाइन का कमिश्नर मेट्र्रो रेल सेफ्टी निरीक्षण 11 से
सीएमआरएस के निरीक्षण के बाद मुहर लगने पर दौड़ने लगेगी ग्रेनो मेट्रो
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो कॉरिडोर पर कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) का निरीक्षण 11 दिसंबर से शुरू होगा, जो 13 दिसंबर तक चलेगा। निरीक्षण के दौरान सीएमआरएस की टीम स्टेशनों के अलावा ट्रेन चलाकर निरीक्षण करेगी। इस पर मुहर लगने पर ही व्यावसायिक परिचालन शुरू होगा।
नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएमआरसी) के कार्यकारी निदेशक पीडी उपाध्याय ने बताया कि सीएमआरएस की टीम ने पहले किए गए दौरे में डिपो और यार्ड में खड़ी ट्रेनों का निरीक्षण किया था। इसकी रिपोर्ट मंत्रालय को सौंपी गई थी। ग्रेटर नोएडा मेट्रो कॉरिडोर के 21 स्टेशन बनाए जा चुके हैं और यहां जरूरी संसाधनों का निरीक्षण टीम करेगी। इसमें स्टेशन से प्रवेश और निकास, प्लेटफॉर्म पर ट्रेन के रुकने के समय की स्थिति, यात्रियों की सुविधा, सिग्नल सहित कई अन्य जरूरी बातें शामिल होंगी। ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी की जांच भी की जाएगी। चलती हुई ट्रेन के निरीक्षण में यह देखा जाएगा कि किसी तरह की कोई ऐसी दिक्कत तो नहीं आ रही है जो व्यावसायिक परिचालन के दौरान परेशानी खड़ी कर दे। इसके बाद सीएमआरएस की ओर से एक रिपोर्ट मंत्रालय को भेजी जाएगी जिस पर मुहर लगते ही नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो का परिचालन शुरू हो जाएगा।
उद्घाटन तिथि की पुष्टि नहीं कर रहा एनएमआरसी
नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो कॉरिडोर का 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों उद्घाटन की संभावना व्यक्त की गई है, लेकिन एनएमआरसी की ओर से अभी इस बारे में कुछ भी कहने से बचा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक अभी उद्घाटन को लेकर किसी तरह का लिखित आदेश नहीं आया है।
------------------
फैक्ट फाइल
- नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच 21 स्टेशन होंगे
-सभी स्टेशनों पर पीएसी सुरक्षा का जिम्मा संभालेगी
- स्टेशनों से लास्ट माइल कनेक्टिविटी के लिए संसाधन होंगे
- स्टेशनों पर प्री-पेड कैब मिलेंगी
- नोएडा में सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन से ग्रेनो के डिपो स्टेशन तक चलेगी मेट्रो
- नोएडा-ग्रेटर नोएडा कॉरिडोर को एक्वा लाइन का नाम दिया गया है।