मेडिकल स्टोरों पर एंटी रैबीज वैक्सीन की किल्लत
जिला अस्पताल में दो महीने से नहीं है इंजेक्शन
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। जिला अस्पताल के बाद अब शहर के मेडिकल स्टोरों पर भी एंटी रैबीज वैक्सीन ( कुत्ते के काटने पर लगने वाले इंजेक्शन) की किल्लत शुरू हो गई है। स्टोर संचालकों का कहना है पीछे से सप्लाई कम आने की वजह से किल्लत है। जिला अस्पताल में वैक्सीन खत्म होने से यहां मांग बढ़ गई है। हालांकि, कुछ दिनों में सप्लाई में थोड़ी तेजी आई है। जानकारी के मुताबिक, जिला अस्पताल में हर रोज 70 से 80 मरीज वैक्सीन लगवाने आते हैं। कभी कभी यह आंकड़ा 100 पार कर जाता है। मगर पिछले दो महीने यहां वैक्सीन खत्म हो चुकी हैं। हर रोज सैकड़ों लोगों को वापस लौटना पड़ रहा है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि वैक्सीन आने में और समय लगेगा। एक रुपये के पर्चे पर एंटी रैबीज वैक्सीन लग जाती थी, अब लोगों को 337 रुपये खर्च कर स्टोर से वैक्सीन खरीदनी पड़ रही है। निजी अस्पताल में लगवाने के लिए अलग से शुल्क देना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति यहां कई बार हो चुकी है। लेकिन ये पहली बार हुआ है जब इतने लंबे समय से वैक्सीन नहीं है। सीएमएस डॉक्टर अजेय अग्रवाल ने बताया कि जल्द से जल्द वैक्सीन मंगाने की कोशिश की जा रही है।
केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप खन्ना ने बताया कि एंटी रैबीज वैक्सीन की किल्लत है। हालांकि, थोड़ी सप्लाई आई है। सरकारी अस्पताल में खत्म होने की वजह से मेडिकल स्टोराें पर ज्यादा मांग बढ़ गई है।
जेनेरिक स्टोर में आधे दाम पर मिल रहा इंजेक्शन
जेनेरिक दवा स्टोर में 140 रुपये में एंटी रैबीज वैक्सीन मिल रही है। लेकिन जानकारी ना होने की वजह से लोग ब्रांडेड वैक्सीन ही खरीद रहे हैं। मेडिकल स्टोर संचालकों का कहना है कि हम ेजेनेरिक वैक्सीन के बारे में भी लोगों को जागरूक कर रहे हैं।